शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. प्रादेशिक
Written By भाषा

सोपोर थाने पर उग्रवादी हमला, छह घायल

सोपोर थाने पर उग्रवादी हमला, छह घायल -
बारामुला जिले के सोपोर पुलिस थाने पर आज उग्रवादियों ने एक घंटे में दो बार हमला किया, जिससे चार पुलिसकर्मियों और एक राजनीतिज्ञ सहित छह लोग घायल हो गए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अब्दुल वहीद ने फोन पर बताया कि उत्तरी कश्मीर के शहर सोपोर स्थित पुलिस थाने पर उग्रवादियों ने अंधाधुँध गोलीबारी की, जिससे चार पुलिसकर्मी और एक नागरिक घायल हो गया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि उग्रवादियों ने करीब 11 बज कर 25 मिनट पर पुलिस थाने पर हमला किया। परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों पक्षों के बीच करीब आधे घंटे तक गोलीबारी हुई।

इससे पहले उग्रवादियों ने करीब दस बज कर 25 मिनट पर थाने पर एक ग्रेनेड फेंका था। ग्रेनेड मुख्य द्वार के बाहर फटा, जिससे मोहम्मद लतीफ मिरचल नामक एक व्यक्ति घायल हो गया।

मिरचल ने पिछले विधानसभा चुनाव में सोपोर सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था और हार गया था। सोपोर निवासी मिरचल को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी हालत स्थिर बताई जाती है। वे इन दिनों अवामी इत्तिहाद पार्टी के प्रमुख हैं।

वहीद ने बताया कि पूरे इलाके को घेर कल हमलावर उग्रवादियों की तलाश की जा रही है। अब तक किसी भी उग्रवादी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। (भाषा)