सोमवार, 29 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. प्रादेशिक
  6. उमा भारती की प्रज्ञा ठाकुर से मुलाकात
Written By भाषा
Last Modified: नासिक , सोमवार, 21 दिसंबर 2009 (22:22 IST)

उमा भारती की प्रज्ञा ठाकुर से मुलाकात

Uma Bharati | उमा भारती की प्रज्ञा ठाकुर से मुलाकात
भारतीय जनशक्ति पार्टी नेता उमा भारती ने यहाँ एक अस्पताल में भर्ती मालेगाँव धमाकों की प्रमुख आरोपी साध्वी प्रज्ञासिंह ठाकुर से भेंट की और आरोप लगाया कि प्रज्ञा से एटीएस की हिरासत में मारपीट की गई है।

उमा ने सत्र अदालत से अनुमति के बाद आयुर्वेद अस्पताल में प्रज्ञा से भेंट की। प्रज्ञा का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पैर की चोट से पीड़ित उमा ने व्हील चेयर पर आकर प्रज्ञा से भेंट की। उन्होंने आरोप लगाया कि साध्वी से महाराष्ट्र आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) की हिरासत में मारपीट की गई है। इससे पहले स्वयं प्रज्ञा ने भी यह आरोप लगाया था।

उमा ने अस्पताल परिसर में कहा कि मैं प्रज्ञा को रिहा करवाने के लिए देश भर में जन जागरण अभियान चलाऊँगी। मुझे ऐसा लगता है कि साध्वी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि 1993 के श्रृंखलाबद्ध बम विस्फोटों के अभियुक्त संजय दत्त मुक्त होकर घूम रहे हैं, जबकि 26 नवंबर के विस्फोटों के आरोपी अजमल कसाब को हीरो बना दिया गया, लेकिन साध्वी ‘झूठे’ आरोपों में जेल की सलाखों के पीछे हैं।

न्यायिक हिरासत में बंद प्रज्ञा अपनी रीढ़ की हड्डी की दिक्कत के कारण पिछले दो माह से पंचकर्म इलाज ले रही हैं। प्रज्ञा 29 सितंबर 2008 में हुए मालेगाँव विस्फोट के सिलसिले में गिरफ्तार 11 अभियुक्तों में से हैं। इस विस्फोट में छह व्यक्ति मारे गए थे।

इससे पूर्व उमा ने अपने वकील उमेश वलझाड़े के जरिये एक याचिका दायर कर साध्वी से भेंट करने की अनुमति माँगी थी। याचिका पर लोक अभियोजक अजय मिश्र और वलझाड़े की दलील सुनने के बाद न्यायाधीश गोविंद सनप ने नासिक रोड जेल अधीक्षक स्वाति साठे की मौजूदगी में उमा को प्रज्ञा से मिलने के लिए 20 मिनट का समय दिया था। मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री जब वहाँ पहुँची तो अदालत और अस्पताल दोनों परिसर खचाखच भर गए थे। (भाषा)