• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
  6. स्वस्थ होने पर ही सुखोई में उड़ेंगी राष्ट्रपति
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , शुक्रवार, 13 नवंबर 2009 (14:22 IST)

स्वस्थ होने पर ही सुखोई में उड़ेंगी राष्ट्रपति

President Pratibha Patil Sukhoi MKI 30 warrior aircraft | स्वस्थ होने पर ही सुखोई में उड़ेंगी राष्ट्रपति
भारतीय वायु सेना के प्रमुख पीवी नाईक ने आज यहाँ कहा कि राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल अग्रिम पंक्ति के सुखोई लड़ाकू विमान में उड़ान भरने के लिए चिकित्सीय रूप से फिट हैं, लेकिन वे इसमें तभी उड़ान भरेंगी, जब वे उड़ान के दिन भी पूरी तरह स्वस्थ रहेंगी।

PIB
एयर चीफ मार्शल ने यहाँ कहा कि हम पूरी तरह उनके स्वास्थ्य का मूल्यांकन कर चुके हैं। वे इसके लिए पिछले दो महीनों से तैयारी कर रही हैं और चिकित्सीय रूप से फिट हैं।

राष्ट्रपति (74) की फिटनेस के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा यहाँ तक कि उड़ान के दिन और विमान में सवार होने से बिल्कुल पहले भी उनके स्वास्थ्य का परीक्षण किया जाएगा।

राष्ट्रपति का 25 नवम्बर को पुणे के नजदीक लोहेगाँव से लड़ाकू विमान सुखोई में उड़ान भरने का कार्यक्रम निर्धारित है।

नाईक ने कहा सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर होने के नाते उनका हमारे एक विमान में उड़ान भरना भारतीय वायु सेना के लिए गर्व की बात है।

यह पूछे जाने पर कि क्या राष्ट्रपति की इस उड़ान से वायु सेना में महिला अधिकारियों के लिए लड़ाकू विमान पायलट बनने का मार्ग प्रशस्त होगा, वायु सेना प्रमुख ने कहा-महिलाएँ लड़ाकू विमान उड़ा सकती हैं और ऐसी कई भारतीय महिलाएँ हैं जो बीते समय में ऐसा कर चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि सुखोई में उड़ान के सिलसिले में राष्ट्रपति को विवरण से अवगत कराया जा चुका है और वायु सेना अधिकारियों ने हाल ही में उन्हें लड़ाकू विमान में उड़ान पर आधारित एक ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति उपलब्ध कराई।

वायु सेना प्रमुख ने कहा राष्ट्रपति को सुखोई-30 एमकेआई में उड़ान के दिन दोबारा इस विवरण से अवगत कराया जाएगा। (भाषा)