• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा

अमेरिकी वैज्ञानिकों ने बनाई सिन्थेटिक कोशिका

अमेरिकी वैज्ञानिकों ने बनाई सिन्थेटिक कोशिका -
अमेरिकी वैज्ञानिकों ने सिंथेटिक जीनोम से नियंत्रित होने वाली पहली बैक्टीरिया कोशिका तैयार की है। इसे ऐसी सफलता माना जा रहा है, जो जीवन तैयार करने के संबंध में दार्शनिक और वैज्ञानिक सवाल खड़े कर सकती है।

इस खोज के बारे में प्रमुख अनुसंधानकर्ता क्रेग वेंटर ने बताया कि यह पहली सिन्थेटिक कोशिका है जिसे बनाया गया है। उन्होंने कहा कि हम इसे सिन्थेटिक इसलिए कह रहे हैं क्योंकि कोशिका पूरी तरह सिन्थेटिक क्रोमोसोम से तैयार की गई है। यह क्रोमोसोम रसायनों से रसायनिक संशलेषण के जरिये तैयार किए गए थे।

दल ने उम्मीद जताई है कि इस प्रक्रिया से जीवन की मूलभूत व्यवस्था की जाँच की जा सकेगी। साथ ही पर्यावरणीय या उर्जा की समस्याओं के हल के लिए बैक्टीरिया तैयार किए जा सकेंगे।

जे क्रेग वेंटर इन्स्टीट्यूट द्वारा किए गए इस अध्ययन के नतीजे साइंस जर्नल में प्रकाशित हुए हैं। इसमें कहा गया है कि इस प्रक्रिया का इस्तेमाल ऐसे बैक्टीरिया तैयार करने में किया जा सकता है जो जैव ईंधन तैयार करने में मददगार हों या पर्यावरण प्रदूषित करने वाले कारकों को समाप्त कर सकें।

वेंटर ने कहा कि जीवविज्ञान से हम जैसी अपेक्षा करते हैं, उसे पूरी करने के लिए यह एक शक्तिशाली हथियार साबित हो सकता है। कई तरह से इनके उपयोग के बारे में विचार किया जा रहा है। वेन्टर ने 2000 में सबसे पहले मानव जीनोम को क्रमबद्ध किया था।

अनुसंधानकर्ताओं ने माइक्रोप्लाज्मा मायकोइड्स नामक बैक्टीरिया के 10.08 लाख जोड़े जीनोम का संशलेषण किया। इससे चार बोतल भर कर वे रसायन तैयार हुए जिनसे डीएनए के घटक बनाए गए।

कृत्रिम जीनोम की असली जीनोम के बीच पहचान करने के लिए वैज्ञानिकों ने क्रमबद्ध डीएनए में वाटरमार्क लगाया। ऐसा इसलिए किया गया ताकि रसायनिक प्रक्रिया के माध्यम से, परखनली में किसी खरोंच से जीवन उत्पन्न करने की संभावना को लेकर विवादों से बचा जा सके।

अनुसंधानकर्ताओं ने परियोजना पर काम करने वाले 46 वैज्ञानिकों के नाम तथा उनकी अपनी वेबसाइट के पते भी जीनोम पर अंकित किए ताकि बाद में इन जीनोम को वर्गीकृत करने वाला व्यक्ति वैज्ञानिक दल को ई-मेल भेज सके।

वेंटर ने बताया कि हमने उस कोशिका में कई तरह के रूपान्तरण किए और अब यह फ्रीजर में फ्रीज कर रखी गई है। उन्होंने कहा कि हमारी राय में वैज्ञानिक और दार्शनिक नजरिये से यह एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे जीवन और उसके काम करने के बारे में मेरे विचारों में काफी बदलाव आया है।

उन्होंने बताया कि उनका दल काम के दौरान, नैतिकता को लेकर उठने वाले बवाल पर भी विचार करता रहा।

वेंटर के दल ने 2008 में ऐलान किया था कि उसने रसायनिक संशलेषण से बैक्टीरिया का जीनोम तैयार किया है। लेकिन यह दल इस जीनोम को कोशिका के रूप में सक्रिय नहीं कर पाया था। (भाषा)