शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
Written By भाषा
Last Modified: तमलुक , गुरुवार, 24 जुलाई 2014 (19:24 IST)

नाबालिग लड़की की गैंगरेप के बाद हत्या

नाबालिग लड़की की गैंगरेप के बाद हत्या -
FILE
तमलुक। पश्चिम बंगाल के मिदनापुर जिले में लापता हो गई 8 साल की एक लड़की का गुरुवार को शव मिला जिसके बाद स्थानीय लोगों ने यह दावा करते हुए एक व्यक्ति को पीट-पीटकर मार डाला कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लडकी से सामूहिक बलात्कार किया और उसकी हत्या कर दी।

जिला पुलिस अधीक्षक सुकेश जैन ने यहां कहा कि पूर्व मिदनापुर जिले के काली बाजार गांव में गुरुवार सुबह एक खेत में 8-9 साल की एक लड़की मृत मिली। लड़की के पिता ने तीन लोगों के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई थी जिनमें एक को ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला।

उन्होंने कहा कि लड़की बुधवार को शाम 5 बजे से लापता थी। परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने इलाके में उसे ढूंढा, लेकिन उसका कुछ अता-पता नहीं चल सका।

जैन ने कहा कि गुरुवार को सुबह वह अपने घर से करीब 200 मीटर दूर मृत मिली। पुलिस को सूचना दी गई और हमारे लोग मौके पर पहुंचे।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस को लड़की का शव जमीन पर मिला। लेकिन स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वह पेड़ से फांसी के फंदे से लटकती मिली और उसे उन लोगों ने नीचे उतारा।

उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने रतन दास और उसके दो साथियों पर लड़की से सामूहिक बलात्कार करने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाते हुए उन्हें बुरी तरह पीटा। दास के घर में तोड़फोड़ की। दास का घर लड़की के घर से महज 15-20 मीटर दूर है।

जैन ने कहा कि पुलिस ने तीनों को स्थानीय लोगों के कब्जे से छुड़ाया, लेकिन दास ने बाद में दम तोड़ दिया। दो अन्य अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। पुलिस के अनुसार लड़की का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। (भाषा)