• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , शुक्रवार, 25 जुलाई 2014 (09:29 IST)

सीसैट पर हंगामा, पुलिस ने चलाई लाठियां...

सीसैट पर हंगामा, पुलिस ने चलाई लाठियां... -
FILE
नई दिल्ली। उत्तर दिल्ली के बुराड़ी इलाके में गुरुवार रात सिविल सेवा परीक्षार्थियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई जिसमें कुछ वाहनों को आग लगा दी गई तथा कम से कम 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए।

संयुक्त पुलिस आयुक्त संदीप गोयल के अनुसार, घटना रात करीब साढ़े आठ बजे उस समय हुई जब करीब 500 से 700 प्रदर्शनकारियों ने सिविल सेवा एप्टीट्यूड परीक्षा (सीसैट) समाप्त करने की मांग को लेकर मुख्य राजमार्ग बाईपास रोड बंद करने का प्रयास किया।

गोयल ने कहा, 'पुलिस की एक जीप को आग लगा दी गई। इस घटना में कुछ बाइक और कारों के साथ ही एक रोडवेज बस आंशिक तौर पर जला दी गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मुख्य सड़क से तितर बितर करने के लिए बल प्रयोग किया।' उन्होंने कहा कि इस घटना में कम से कम 10 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज भी किया। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) मधुर वर्मा ने कहा कि मार्ग पर डेरा डाले कुछ कांवड़ियों ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने में पुलिस की मदद की।

पुलिस ने 20 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है और उन पर दंगा करने, सार्वजनिक सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने, सरकारी कर्मचारियों को कर्तव्य निर्वहन से रोकने और हमला करने का आरोप लगाया है।

दिल्ली दमकल सेवा के अनुसार आठ बजकर 50 मिनट पर पुलिस की एक जीप को आग लगाये जाने की सूचना मिली जिसके बाद दमकल की दो गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। पुलिस ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और मार्ग पर यातायात की अनुमति दी जा चुकी है। (भाषा)