शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
Written By भाषा

देशभर में आज से गणपति बप्पा की धूम

देशभर में आज से गणपति बप्पा की धूम -
FILE
नई दिल्ली। हिन्दू माह भाद्रपद की चतुर्थी को आज से देशभर में गणेश महोत्सव शुरू हो रहा है। महाराष्ट्र में गणेश पूजा को लेकर सबसे ज्यादा उत्साह का माहौल है। अगले 10 दिनों तक गणपति पूजा की रौनक बनी रहेगी।

देशभर के गणेश मंदिरों सहित गणेश महोत्सव के मौके पर मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में सुबह से भक्तों की भीड़ दिख रही है। दूसरी ओर मुंबई और पूणे के लालबाग के राजा के यहां भी भक्तों की भारी भीड़ है। गणेश महोत्सव के लिए मुंबई के कुर्ला में बर्फ से गणेश की मूर्ति बनाई गई है। यह मूर्ति पांच फीट ऊंची है, दूसरी ओर हैदराबाद में देश की सबसे बड़ी गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई है। यह मूर्ति 60 फुट ऊंची है। 60 फीट ऊंचे गणपति बप्पा को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट रही है। खैरताबाद गणेश उत्सव कमेटी द्वारा बनाई गई ये मूर्ती देश में सबसे ऊंची गणेश मूर्ति बताई जा रही है। इस प्रतिमा को 3 महीनों में करीब 200 कारीगरों ने मिलकर बनाया है।

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और लोकसभा अध्यक्ष ने आज से मनाए जाने वाले त्योहार गणेश चतुर्थी के लिए देशवासियों को बधाई दी और भारत के विकास की राह में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए भगवान गणेश के आशीर्वाद की कामना की।

देशवासियों और विदेशों में रह रहे भारतीयों को बधाई देते हुए राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा, ‘बुद्धि, समृद्धि और सौभाग्य के प्रतीक भगवान गणेश की हम पर कृपा हो और हमारे विकास की राह मे आ रही सभी बधाओं को वे दूर करें ताकि हम हम एक मजबूत और जीवंत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ सकें।’ उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने उम्मीद जताई की भगवान गणेश के आशीर्वाद से भारत को शांतिपूर्ण, समृद्ध और प्रबुद्ध देश के रूप में उभरने में मदद मिलेगी।

लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने अपने संदेश में भारतीयों का आह्वान किया कि वे महान मानवीय मूल्यों के लिए खुद को समर्पित करें और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाएं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गणेश चतुर्थी के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं और भगवान गणेश का आशीर्वाद मांगा। उन्होंने अपने कार्यालय से जारी एक संदेश में कहा ‘गणपति बप्पा मोरया...गणेश चतुर्थी पर शुभकामनाएं। गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश को हमारा नमन।’ उन्होंने आगे कहा ‘भगवान गणेश हमें अपना आशीर्वाद दें और हमारा जीवन शांति, आनंद तथा विवेक से परिपूर्ण हो।’ (एजेंसी)