शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा

उग्रवादियों ने किया फिलिपीन इंजीनियर को रिहा

उग्रवादियों ने किया फिलिपीन इंजीनियर को रिहा -
मनीला। दक्षिणी फिलिपीन में 53 दिन पहले संदिग्ध इस्लामी उग्रवादियों ने अगवा किये गये एक फिलिपीनी इंजीनियर को रिहा कर दिया है। सेना ने आज यह जानकारी दी।

फरवरी में दक्षिणी द्वीप जोलो से अबू सैयाफ गुट के कथित सदस्यों ने बोनीफेसियो सेलिनास को उसकी पत्नी क्लेयर के साथ अगवा कर लिया था। क्लेयर को एक महीने के बाद छोड़ दिया गया था।

स्थानीय सैन्य प्रवक्ता कैप्टन रयान लैकुएस्टा ने बताया कि कल रात बंदूकधारियों ने एक पहाड़ी सड़क के किनारे सेलिनास को रिहा कर दिया।

उन्होंने बताया कि सेलिनास को जोलो हवाई अड्डे की ओर पैदल चलकर जाने का निर्देश दिया गया था। रास्ते में उसे कुछ नागरिक मिले जिन्होंने उसे मरीन बिग्रेड मुख्यालय से संपर्क करने में मदद की। सेलिनास अपने परिवार के पास पहुंच गया है।

उजबेकिस्तान का डॉक्टर रिहा : यमन के उत्तरी इलाके में पिछले सप्ताह अपहृत उजबेकिस्तान के एक डॉक्टर को रिहा कर दिया गया है।

एक प्रांतीय अधिकारी ने बताया कि कबीलाई मध्यस्थ सशस्त्र कबीलाई लोगों को डॉक्टर की रिहाई के लिए मनाने में सफल रहा। अधिकारी ने कहा, उसे मध्यस्थ के हवाले कर दिया गया जो उसे मरीब (प्रांत) ले गया, जहां उसे स्थानीय अधिकारियों के हवाले कर दिया गया।

हालांकि अधिकारी ने यह बताने से इनकार कर दिया कि उसकी रिहाई के लिए कोई फिरौती दी गई है या नहीं। डॉक्टर का गत रविवार को राजधानी साना के पूर्व स्थित मरीब प्रांत के उस अस्पताल से अपहरण किया गया था, जहां वह काम करता था।

आतंकवादियों द्वारा पश्चिमी देशों के नागरिकों को बंधक बनाना, यहां आम बात है, लेकिन कभी-कभी स्थानीय कबीलाई भी सरकार से अपनी मांगें मनवाने के लिए इस तरीके का इस्तेमाल करते हैं। (वार्ता)