शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather, fog, Delhi, Chandigarh, Punjab
Written By
Last Modified: शनिवार, 10 दिसंबर 2016 (16:07 IST)

दिल्ली में घना कोहरा : 101 ट्रेनों में देरी, 11 ट्रेन रद्द

दिल्ली में घना कोहरा : 101 ट्रेनों में देरी, 11 ट्रेन रद्द - Weather, fog, Delhi, Chandigarh, Punjab
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ। घना कोहरा छाने से दृश्यता का स्तर भी 100 और 200 मीटर के बीच रह गया। 
उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली की ओर आने वाली 101 ट्रेनों में देरी हुई और 18 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया था तथा घने कोहरे के कारण दृश्यता का स्तर कम होने के कारण 11 ट्रेनों को रद्द किया गया।
       
दिल्ली हवाई अड्डे के सूत्रों ने बताया कि शहर में पांच अंतरराष्ट्रीय उड़ानें देर से पहुंचीं जबकि एक अंतरराष्ट्रीय विमान ने इंदिरा गांधी हवाई अड्डे से देरी से उड़ान भरी। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था जबकि अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
        
विभाग ने अगले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने के आसार जताया है। विभाग ने न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 12 डिग्री और 27 डिग्री रहने का अनुमान जताया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
पंजाब और हरियाणा में छाया रहा घना कोहरा : पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा लेकिन घने कोहरे की वजह से इन दोनों राज्यों का सड़क, रेल और हवाई यातायात काफी प्रभावित रहा।
 
मौसम विभाग के अनुसार, अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, जालंधर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, फरीदाबाद और गुरग्राम सहित कई जगहों पर कोहरे की वजह से दृश्यता काफी घट गई। चंडीगढ़ में भी आज सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रही।
 
कोहरे की वजह से इन दोनों राज्यों के कई जगहों पर वाहनों की आवाजाही काफी प्रभावित रही जबकि कई ट्रेनों की परिचालन में काफी देरी हो गई। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। अंबाला में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री ऊपर है। 
 
करनाल में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है, जबकि हिसार में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
 
लुधियाना का न्यूनतम तापमान भी 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है जबकि पटियाला का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ऊपर 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (वार्ता)
 
ये भी पढ़ें
जम्मू कश्मीर में शीतलहर, डल झील का पानी जमा