शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Uma Bharti
Written By
Last Updated : शनिवार, 1 नवंबर 2014 (13:00 IST)

गंगा नदी पर उमा भारती ने लिया बड़ा फैसला

गंगा नदी पर उमा भारती ने लिया बड़ा फैसला - Uma Bharti
नई दिल्ली। केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने कहा कि अब तो उन्हें सपने में भी गंगा में गिरते नाले दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि 45 दिन के अंदर गंगा में गिरने वाले 25 प्रमुख नाले मोड़ दिए जाएंगे। 
 
साध्वी ने बताया कि बहुत जल्द रेडक्रॉस की तर्ज पर गंगा वाहिनी का गठन कर गंगा रक्षकों की भर्ती की जाएगी, जो प्रमुख स्नान पर्वों पर गंगा को गंदा होने से रोकेंगे।
 
गंगा में गिर रहे नालों का निरीक्षण करने शुक्रवार को आईं केंद्रीय मंत्री ने शहर में गंगा में गिरने वाले प्रमुख नालों का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से कहा कि गंगा प्रदूषण को लेकर वह इतना अधिक सक्रिय और परेशान हैं कि अब तो सपने में भी गंगा में गिरते नाले दिखाई देते हैं।
 
गंगा और इसकी सहयोगी नदियों में 140 बड़े नाले गिर रहे हैं, जो गंगा को स्वच्छ बनाने में बाधक हैं। इनमें से 25 प्रमुख नालों का निरीक्षण कर उन्हें मोड़ कर उनकी गंदगी गंगा में गिरने से रोकने की योजना बन रही है। अगले 45 दिन में इन सभी नालों को मोड़ दिया जाएगा।
 
उन्होंने बताया कि बहुत जल्द रेडक्रॉस की तर्ज पर गंगा वाहिनी का गठन कर गंगा रक्षकों को इसमें भर्ती कर उनके समूहों को टेरीटोरियल आर्मी की मदद से प्रशिक्षित कराया जाएगा। यह गंगा रक्षक गंगा को गंदा होने से रोकेंगे और इसे स्वच्छ बनाने में जुटेंगे।
 
खासतौर पर प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान गंगा वाहिनी के लोग गंगा और घाटों पर होने वाली गंदगी तत्काल साफ करेंगे। (एजेंसी)