शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. summer hits east and north india
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , सोमवार, 5 जून 2017 (12:16 IST)

कब आएगी बारिश, गर्मी से झुलसा पूर्वी और उत्तर भारत

कब आएगी बारिश, गर्मी से झुलसा पूर्वी और उत्तर भारत - summer hits east and north india
देशभर में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। रविवार को राजधानी दिल्ली में भी गर्मी ने पिछले दो साल के सब रेकॉर्ड तोड़ दिए। रविवार को दिल्ली के पालम में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। वहीं सफदरजंग में पारा 44.6 तक चला गया। हालांकि मानसून केरल तक पहुंच चुका है लेकिन गर्मी से अभी तक राहत नहीं मिल रही है। झुलसती गर्मी के चलते उत्तर और पूर्वी भारत बेहाल है। गर्मी के कारण पंजाब, हरियाणा व उत्तर प्रदेश में 8 लोगों की मौत हो गई। 
 
साल दर साल बढ़ती गर्मी के लिए अर्बन हीट आइलैंड एक बड़ी वजह है। मतलब बढ़ते शहरीकरण से जुड़ी गतिविधियां ही गर्मी बढ़ने का कारण हैं। आबादी के बढ़ते दबाव में हरित क्षेत्र कम होता जा रहा है, जबकि कंक्रीट का जंगल बढ़ता जा रहा है। हरित क्षेत्र कम होने से शहरों में प्रकृति का संतुलन गड़बड़ा रहा है। इसके अलावा वाहनों की बढ़ती संख्या और इनका धुआं भी हवा को गर्मी प्रदान कर रहा है। डीजल चालित जेनरेटर और एयर कंडीशनर से निकलने वाली गर्म हवा भी गर्मी बढ़ा रही है।
 
उल्लेखनीय है कि तीन साल पहले दिल्ली में गर्मी ने 47 का पारा छुआ था (9 जून 2014 को पारा 47.8 डिग्री सेल्सियस था)। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को ऐसी ही गर्मी पड़ने का अनुमान जताया है। वहीं मंगलवार रात को बारिश की उम्मीद भी की जा रही है। रविवार को दिल्ली में पिछले 10 साल का तीसरा सबसे गर्म दिन था।
 
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, रिज एरिया और आया नगर में तापमान 46 डिग्री पार कर गया, जबकि पालम में तापमान 47 डिग्री रहा, जिससे लू की स्थिति बनी। वहीं गुरुग्राम और फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री रहा। दिल्ली और एनसीआर के अलावा देश के अन्य हिस्सों से भी भयंकर गर्मी की खबरें मिलीं। हिमाचल प्रदेश के शिमला और जम्मू सहित कई जगहों पर मौसम का अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
 
पंजाब और हरियाणा में लू का भयानक प्रकोप जारी रहा और बठिंडा का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब में बठिंडा के बाद अमृतसर सबसे गर्म रहा और यहां का अधिकतम तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर भी गर्मी का प्रकोप जारी रहा और बांदा का अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के अलावा राजस्थान और बिहार में भी कई जगह तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया। रविवार को छुट्टी का दिन होने के ज कारण ज्यादातर लोग अपने घरों में ही बंद रहे।
 
मौसम विभाग के अनुसार आसमान साफ होने और राजस्थान की ओर से चल रही पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में एकाएक इजाफा देखा गया। अभी अगले 24 घंटे तक यही स्थिति बनी रहेगी। अलबत्ता, सोमवार रात से जम्मू कश्मीर की ओर एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके चलते मंगलवार से शनिवार तक राहत का दौर बना रह सकता है।उत्तर प्रदेश में दिनभर आसमान से शोले बरसते रहे, जिससे सड़कों पर आवाजाही बेहद कम रही। बांदा में पारा 48 के पार चला गया।
 
इलाहाबाद राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। यहां का तापमान 48.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बांदा में लू से एक युवक की मौत हो गई।पंजाब में जून में भी गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखा रही है। रविवार को सूर्य देव ने दिन भर आग उगली। राज्य का बठिंडा शहर सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि फिरोजपुर का 47.6 व अमृतसर का 47.5 डिग्री सेल्सियस रहा। भीषण गर्मी से राज्य में चार लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग के अनुसार छह जून से मौसम में बदलाव की संभावना है। हरियाणा के फतेहाबाद तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं, फरीदाबाद, गुरुग्राम, यमुनानगर, जींद, कैथल और बहादुरगढ़ भी 47 डिग्री तापमान पर तपते रहे। राज्य में गर्मी से दो लोगों की मौत हो गई है।
 
तप रहा है राजस्थान : राजस्थान के अधिकांश शहरों में रविवार को तापमान 40 डिग्री पार कर गया। राजधानी जयपुर का तापमान 40.2 डिग्री रहा। जोधपुर का तापमान 41.4 डिग्री, जैसलमेर का तापमान 42 डिग्री, चुरू का तापमान 42.2 डिग्री एवं कोटा का तापमान 41 डिग्री रहा। हिमाचल रहा सबसे गर्मवहीं हिमाचल के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है और तापमान 44 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा पार कर गया है। रविवार को ऊना राज्य में सबसे गर्म स्थल रहा। सीजन का यहां सबसे अधिक गर्म दिन दर्ज किया गया। रविवार को यहां का तापमान 44.8 डिग्री पहुंच गया। यह सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग ने बताया कि वर्तमान में पहली बार हिमाचल का तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है। उन्होंने मंगलवार से वर्षा होने की संभावना जताई है। राजधानी शिमला में भी अधिकतम तापमान 30 का आंकड़ा पार कर चुका है।
 
जम्मू भी इस बार झुलसा :
जम्मू और कश्मीर में भी गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। जम्मू में अधिकतम तापमान ने सात वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ा है। रविवार को अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 33.2 रिकॉर्ड किया गया।
 
हिमाचल में भी भीषण गर्मी :
हिमाचल के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है और तापमान 44 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा पार कर गया है। रविवार को ऊना राज्य में सबसे गर्म स्थल रहा। सीजन का यहां सबसे अधिक गर्म दिन दर्ज किया गया। रविवार को यहां का तापमान 44.8 डिग्री पहुंच गया। यह सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग ने बताया कि वर्तमान में पहली बार हिमाचल का तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 30 का आंकड़ा पार कर चुका है।
 
झारखंड के रांची में टूटा रिकॉर्ड :
झारखंड की राजधानी रांची में गर्मी का 51 साल का रिकॉर्ड टूट गया। मौसम विभाग के अुनसार जून 1966 में रांची का अधिकतम पारा 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। वहीं 51 साल बाद रविवार को रांची का अधिकतम पारा 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राज्य के गढ़वा जिले में सबसे अधिक तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 
 
पश्‍चिम बंगाल और बिहार भी तपा : 
सबसे गर्म रविवार को बिहार का गया सर्वाधिक गर्म स्थान रहा। वहां अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान ने पिछले पांच वर्षो का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 1966 में गया में सर्वाधिक गर्मी पड़ने का रिकॉर्ड है। उस वर्ष अधिकतम तापमान 47.9 डिग्री पहुंच गया था। दूसरी ओर पश्चिम बंगाल में प्रचंड गर्मी और अधिक आंद्रदा से लोग परेशान हैं।
ये भी पढ़ें
लगता है कि मुझे यूपी छोड़कर आंध्रप्रदेश में बसना होगा : अखिलेश