शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. snowfall in Kashmir, Rain in Delhi
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , शनिवार, 7 जनवरी 2017 (11:57 IST)

कश्मीर में बर्फबारी, बारिश से भीगी दिल्ली

कश्मीर में बर्फबारी, बारिश से भीगी दिल्ली - snowfall in Kashmir, Rain in Delhi
नई दिल्ली। कश्मीर में लगातार पांचवें दिन भी बर्फबारी जारी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह बारिश हुई और न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से छह डिग्री सेल्सियस अधिक है।
 
उत्तरी रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में खराब मौसम के कारण 70 ट्रेनों के परिचालन में देरी हुयी तथा 16 ट्रेनों का समय पुन: निर्धारित किया गया और सात ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। हालांकि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर हवाई यातायात प्रभावित नहीं हुआ।
 
मौसम विभाग के अधिकारियों ने आज दिन में बादल छाए रहने तथा अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है।
 
निजी एजेंसी स्काईमेट ने आज हुई बारिश को सर्दियों में होने वाली बारिश का पहला हिस्सा बताया है। एजेंसी ने आज दिन में एक-दो बार और बारिश होने का अनुमान जताया है।
 
एजेंसी ने कहा कि मौसम रविवार तक साफ होने की संभावना है, लेकिन आसमान में बादल छाये रहेंगे। सोमवार तक राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में उत्तर पश्चिम से आने वाली ठंडी हवायें फिर से चलने लगेंगी।
 
स्काईमेट की रिपोर्ट के अनुसार, 'इस प्रकार से रात के तापमान में गिरावट हो सकती है, जबकि अगले सप्ताह की शुरआत में जबर्दस्त ठंड उत्तर भारत के लगभग पूरे मैदानी इलाके को अपनी चपेट में ले सकती है। इस दौरान यहां का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास या इससे कम रहने की संभावना है।'
 
राजधानी दिल्ली में कल का अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। कल यहां का न्यूतनम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत तापमान से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है।  

श्रीनगर-कश्मीर राजमार्ग भारी बफबारी के चलते बंद : श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिछले 24 घंटे के दौरान भारी बर्फबारी और भूस्खलन के बाद सुरक्षा कारणों से यातायात रोक दिया गया है। इसके अलावा नियंत्रण रेखा और दूर दराज  के क्षेत्रों की दस से ज्यादा सड़कें भी बंद कर दी गई हैं। कश्मीर घाटी को देश के अन्य क्षेत्रों से जोड़ने वाले इस राजमार्ग पर यात्री वाहनों समेत 1300 से अधिक वाहन फंस गए हैं। हालांकि यातायात पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने हिमपात की आशंका वाले क्षेत्रों से यात्री वाहनों को सुरक्षित जगहों की ओर रवाना कर दिया गया।
 
यातायात विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि काजीगुंड, जवाहर सुरंग और  बनिहाल और पटनीटॉप में राजमार्ग के दोनों ओर पास भारी बर्फबारी होने के कारण सड़क पर दो से फीट बर्फ जमीं है। रामबाण और रामसु इलाके में बारिश के कारण भूस्खलन हुआ है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने पूरे क्षेत्र में सड़कों पर जमी बर्फ को मशीनों से हटाने का काम शुरू कर दिया है। हिमपात, बारिश और भूस्खलन के कारण हालांकि  इस काम में रूकावट आ रही है। 
 
उत्तरप्रदेश में ठंड से तीन की मौत : उत्तर प्रदेश में पड़ रही कड़ाके की ठंड से जौनपुर में दो और वाराणसी में एक की मृत्यु होने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। जिला प्रशासन इन मौतों के ठंड से होने की पुष्टि नहीं कर रहा है। जानकारों का कहना है कि इस वर्ष कोहरा और ठंड समय से शुरू हो गई जिस कारण इसमें बढोत्तरी महससू की जा रही है। जिला प्रशासन ने ठंड को देखते हुए कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूलों को कल तक के लिए बंद रखने का निर्देश दिया है।