शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. PM Modi in Parliament
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , गुरुवार, 3 मार्च 2016 (16:21 IST)

महिला दिवस पर सिर्फ महिला बोलें : मोदी

महिला दिवस पर सिर्फ महिला बोलें : मोदी - PM Modi in Parliament
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद में कुछ अलग करने का सुझाव देते हुए कहा कि महिला दिवस पर सिर्फ महिलाओं को बोलने तथा किसी सत्र में कुछ समय सिर्फ पहली बार चुनकर आए सदस्यों को बोलने के लिए निर्धारित किया जाए।
 
मोदी ने गुरुवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर हुई चर्चा का उत्तर देते हुए कहा कि संसद में हमें कभी-कभार कुछ हटकर करना चाहिए। यहां हमें कभी राजनीति को छोड़कर राष्ट्रनीति पर विचार करना चाहिए। देश से जुड़े अहम मसलों पर सामूहिक चिंतन करना चाहिए।
 
इस सिलसिले में उन्होंने सुझाव दिया कि महिला दिवस पर सिर्फ महिला सदस्य बोलें तथासंसद की कार्यवाही उसी तरह चले और जो अन्य काम होता है वह किया जाए लेकिन सिर्फ महिला सदस्य को बोलने दिया जाए। इसी तरह किसी सत्र में कुछ समय सिर्फ पहली बार चुनकर आए सदस्यों को बोलने के लिए निर्धारित किया जाए।
 
उन्होंने कहा कि वे यह सुझाव इसलिए नहीं दे रहे हैं कि वे खुद पहली बार चुनकर आए हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार आए सदस्यों को बोलने से सदन में ताजगीभरी हवा बहेगी। वे बहुत-सी नई चीजें हमारे सामने रख सकते हैं।
 
उन्होंने प्राथमिक शिक्षा के स्तर को लेकर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि बालकों को कैसी शिक्षा मिल रही है, यह पीड़ा का विषय है। उन्होंने कहा कि अदालतों में बड़ी संख्या में लंबित मुकदमे हैं। इस समस्या से कैसे निपटा जाए, इस पर अलग से चर्चा की जा सकती है। (वार्ता)