शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Pakistani soldier
Written By
Last Modified: जम्मू , मंगलवार, 4 अगस्त 2015 (18:53 IST)

पाकिस्तानी सैनिकों ने की गोलीबारी, एक की मौत

पाकिस्तानी सैनिकों ने की गोलीबारी, एक की मौत - Pakistani soldier
जम्मू। संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए पाकिस्तानी सैनिकों ने मंगलवार को जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा चौकियों और सीमावर्ती गांवों पर एक बार फिर गोलीबारी की तथा मोर्टार दागे, जिसमें एक युवक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। घायलों में बीएसएफ का एक जवान भी शामिल है।
सीमा सुरक्षाबल (बीएसएफ) के जवानों ने जवाबी कार्रवाई की, जो अंतिम खबर मिलने तक जारी थी। बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने कहा, जम्मू जिले के कानाचक और परगवाल सेक्टरों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित भारतीय सीमा चौकियों पर पाकिस्तानी सैनिकों ने सुबह पांच बजकर 40 मिनट से छोटे हथियारों से गोलीबारी करनी और मोर्टार दागने शुरू कर दिए। 
 
उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी रेंजर्स ने इन सेक्टरों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 12 सीमा चौकियों को निशाना बनाया। आरएस पुरा सेक्टर की पांच सीमा चौकियों और सीमावर्ती गांवों को भी निशाना बनाया गया।
 
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने इन सेक्टरों के सीमावर्ती गांवों को भी निशाना बनाया। उन्होंने बताया कि जम्मू के परगवाल क्षेत्र के हमीरपुर कोना में पाकिस्तानी मोर्टार के फटने से 22 वर्षीय संजय कुमार की मौत हो गई। मोर्टार दागे जाने से कानाचक और परगवाल के सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई।
 
जिले की परगवाल और आरएस पुरा बेल्ट में बीएसएफ का एक जवान अर्जुन और एक लड़का घायल हो गए। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंगलवार को संघर्ष विराम उल्लंघन के साथ अगस्त में पाकिस्तानी सैनिकों ने अब तक आठ बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।
 
दो और तीन अगस्त को पाकिस्तानी सैनिकों ने चार बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था और छोटे हथियारों से पुंछ और जम्मू जिलों में कृष्णाघाटी, मंडी, बालकोट और पल्लनवाला सेक्टरों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी की थी। एक अगस्त को भी वहां पर दो बार संघर्ष विराम हुआ था।
 
पाकिस्तानी सैनिकों ने शनिवार रात जम्मू जिले में आरएस पुरा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमावर्ती चौकियों पर गोलीबारी की थी और मोर्टार दागे थे।
 
पाकिस्तानी सैनिकों ने कल भी जम्मू जिले के अखनूर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तीन सीमा चौकियों पर छोटे हथियारों से गोलीबारी करके और मोर्टार दागकर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था।
 
जुलाई में भारत-पाकिस्तान सीमा पर 18 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया जिसमें तीन जवानों सहित चार लोग मारे गए और 14 अन्य घायल हो गए। (भाषा)