सोमवार, 28 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Pakistan, LoC
Written By Author सुरेश डुग्गर
Last Updated : बुधवार, 5 अक्टूबर 2016 (19:38 IST)

नागरिक ठिकानों पर पाक गोलों की बरसात से हाहाकार

नागरिक ठिकानों पर पाक गोलों की बरसात से हाहाकार - Pakistan, LoC
श्रीनगर। चाहे दोनों मुल्कों के बीच घोषित तौर पर युद्ध नहीं हो रहा है, लेकिन एलओसी के कई सेक्टरों में पाक सेना द्वारा की जाने वाली भीषण गोलाबारी से हाहाकार मच गया है। हालांकि भारतीय पक्ष इस गोलाबारी का भरपूर जवाब देकर पाक सेना को भी क्षति पहुंचाने का दावा कर रहा है पर पाक सेना द्वारा भारतीय क्षेत्रों में नागरिक ठिकानों को निशाना बनाने से मुश्किलें बढ़ती जा रह हैं। मेंढर के बालनोई और बालापुर सेक्टर में मोर्टार से गोले दागे गए। पलांवाला और जोगवान और छंब में भी खबरें लिखे जाने तक गोलीबारी जारी थी। 
दूसरे शब्दों में कहें तो पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज न आकार लगातार जम्मू कश्मीर की एलओसी पर गोलाबारी व मोर्टार शैल दाग संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। इसी के चलते बुधवार को फिर पाक सेना ने राजौरी जिले के नौशहरा सेक्टर की एलओसी पर मोर्टार दाग कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। 
 
मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर पाक सेना ने सैन्य कैम्पों तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। उसने कई गांवों को अपने गोलों की बरसात से बुरी तरह से पाट दिया। भारतीय सेना ने भी इसका मुहतोड़ जवाब दिया। अभी तक किसी प्रकार के जानोमाल का किसी प्रकार के कोई नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन लोगों में जबरदस्त दहशत का माहौल जरूर है।
 
बताते चलें कि पिछले दो दिन में सातवीं बार पाकिस्तान की ओर से सीजफायर का उल्लंघन किया गया है। सीमावर्ती इलाकों में रह रहे लोग पाकिस्तान की ओर से किए जा रही गोलाबारी तथा मोर्टार शैल दागने से दहशत में हैं। पाकिस्तान की तरफ से की जा रही फायरिंग में अभी किसी के मारे जाने की खबर नहीं है, लेकिन इससे सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले नागरिकों की मुश्किल बढ़ गई है।
 
वहीं पाकिस्तान की गोलाबारी से फसलों के तबाह होने की संभावना भी बढ़ गई है। डीजीएमओ के मुताबिक भारतीय सेना ने 29 सितंबर को पीओके में घुसकर सर्जिकल ऑपरेशन किया था। इसके बाद से ही एलओसी पर भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है।
 
पाकिस्तान की ओर से लगातार जारी गोलाबारी के बाद एलओसी के पास से ग्रामीणों का बड़े पैमाने पर पलायन हो रहा है। नागरिकों को फसल के साथ ही अपने मवेशियों की भी चिंता सता रही है।
 
एलओसी के पास अखनूर सेक्टर में भारी फायरिंग के बाद इलाके के लोग पलायन कर रहे हैं। अखनूर में एलओसी के करीब रहने वाली एक महिला का कहना था कि हमने केवल एक बैग लेकर अपना घर छोड़ दिया। हम अपने रिश्तेदारों के साथ रह रहे हैं। जो कुछ भी उनके पास है उसी से गुजारा हो रहा है। बच्चों का स्कूल जाना भी छूट गया है।