शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Nipah Virus in Kerala, Nipah
Written By
Last Modified: गुरुवार, 31 मई 2018 (13:05 IST)

निपाह वायरस से केरल में अब तक 15 की मौत

निपाह वायरस से केरल में अब तक 15 की मौत - Nipah Virus in Kerala, Nipah
कोझिकोड। केरल में निपाह वायरस से 28 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत के साथ ही इससे मरने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 15 हो गई है।


राज्य स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि करासरी निवासी अखिल का 29 मई से 'कोझिकोड मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल' (केएमसीएच) में इलाज चल रहा था। उसका बुधवार रात को यहां निधन हो गया। उन्होंने बताया कि दो अन्य लोगों के भी इस वायरस की चपेट में आने की पुष्टि हुई है। उनका इलाज भी केएमसीएच में जारी है।

वायरस की चपेट में आने की पुष्टि होने से पहले उनके संपर्क में आए 1353 लोगों को भी निगरानी में रखा गया है। जिले के नेल्लिकोडे में कल मधुसूदन (55) नामक एक शख्स की मौत हो गई थी। उसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। मधुसूदन कोझिकोड जिला अदालत में वरिष्ठ अधीक्षक के तौर पर तैनात थे। निपाह वायरस एक नया पशुजन्य रोग है जो मनुष्य और पशुओं दोनों के लिए एक खतरनाक बीमारी है।

ऐसी आशंका है कि यह पेराम्बरा के एक कुएं (जिसका लंबे समय से इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था) से फैला है, जिसमें चमगादड़ों का बसेरा है और उससे कुएं का पानी दूषित हो गया। ऐसा माना जाता है कि इस वायरस का प्राकृतिक वास फल खाने वाले चमगादड़ की प्रजाति प्रेटोपस जीनस में है। (भाषा)
ये भी पढ़ें
4 लोकसभा, 10 विधानसभा सीटों के चुनाव परिणाम