शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Mufti Mohammad Sayeed controversial statement
Written By सुरेश एस डुग्गर
Last Updated :जम्मू , रविवार, 1 मार्च 2015 (16:29 IST)

मुफ्ती मोहम्मद सईद का विवादास्पद बयान

मुफ्ती मोहम्मद सईद का विवादास्पद बयान - Mufti Mohammad Sayeed controversial statement
जम्मू। जम्मू कश्मीर में नई सरकार के मुख्यमंत्री बनते ही मुफ्ती मुहम्मद सईद अपने काम से नहीं बल्कि बयान से विवादों में आ गए हैं। जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद मुफ्ती मुहम्मद सईद ने विवादित बयान दिया है।
 


 उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर में चुनाव के लिए अच्छा माहौल बनाया। शांतिपूर्ण चुनाव में हुर्रियत और आतंकवादियों का भी हाथ है।
 
मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रेस ब्रीफिंग में पूछे गए सवाल पर मुफ्ती ने कहा कि जम्मू कश्मीर में चुनाव के लिए आतंकवादियों, हुर्रियत नेताओं और पाकिस्तान ने बेहतर माहौल बनाया। मुफ्ती के इस बयान पर सरकार में सहयोगी भाजपा के साथ उनके रिश्ते के भविष्य को लेकर सवाल भी उठने शुरू हो गए हैं।
 
दरअसल, मुफ्ती ने रविवार को ही जम्मू कश्मीर के नए मुख्यमंत्री की शपथ ली है। शपथ ग्रहण समारोह के बाद चुनाव में जनता की भागीदारी पर पत्रकारों के सवालों के जवाब में सीएम मुफ्ती ने कहा कि चुनाव में जनता ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। चाहे जनता खराब मौसम या गोलियों के बीच बाहर निकली हो, इसकी वजह पाकिस्तान, हुर्रियत और आतंकी हैं। उन्होंने ही चुनाव के लिए बेहतर माहौल बनाया।
 
मुफ्ती मुहम्मद सईद ने कहा कि मैंने पीएम से भी कह दिया कि इस बार जो जम्मू कश्मीर में चुनाव हुए उसमें हुर्रियत का भी सहयोग है और आतंकवादियों का भी है। अगर वो कुछ करते तो चुनाव नहीं हो सकता था।
 
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती सईद ने कहा कि राज्य के सभी लोगों के दिल और दिमाग को जीतने के लिए हम इस गठबंधन को इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय बनाना चाहते हैं।
 
मुफ्ती ने यह भी कहा कि सेना को अपने कार्यों के लिए जबावदेह बनाया जाएगा। अगर आफस्पा को हटाना होगा तो हट जाएगा, लेकिन इस वक्त ये मुख्य मुद्दा नहीं है, इसे हम कर लेंगे। सईद ने यह भी कहा कि सरकार चलाने के लिए राजनीतिक गठबंधन अपेक्षित है
 
गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर के 12वें मुख्यमंत्री के तौर पर मुफ्ती मुहम्मद सईद ने आज ही शपथ ली है। इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत भाजपा के तमाम दिग्गज मौजूद थे। भाजपा के निर्मल सिंह उप-मुख्यमंत्री बने हैं।
 
पत्रकारों ने जब आगे उनसे बात करने की कोशिश की तो वह उठकर चले गए। हां, लेकिन उन्होंने इस नए गठबंधन पर इतना जरूर कहा कि राज्य के सभी लोगों के दिल और दिमाग को जीतने के लिए वह इसे इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय बनाना चाहते हैं। मुफ्ती ने सेना को भी जवाबदेह बनाने पर जोर देने की बात की।