शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Lalit modi attacks Sonia and Varun Gandhi
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , बुधवार, 1 जुलाई 2015 (11:35 IST)

ललित मोदी का सोनिया-वरुण गांधी पर बड़ा खुलासा

ललित मोदी का सोनिया-वरुण गांधी पर बड़ा खुलासा - Lalit modi attacks Sonia and Varun Gandhi
नई दिल्ली। आइपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने अब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और भाजपा सांसद वरुण गांधी को लेकर एक बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि उन्होंने सोनिया की बहन के माध्यम से काम कराने के ‍बदले 60 मिलियन डॉलर की मांग की थी। हालांकि वरुण गांधी ने ललित मोदी से मुलाकात क‍ी बात को स्वीकारा लेकिन दावे को खारिज कर दिया है।
 
मंगलवार देर रात किए ट्वीट में ललित मोदी ने लिखा कि कुछ साल पहले वरुण गांधी लंदन में उनके आवास पर आए और उन्होंने सोनिया गांधी के साथ सभी मामलों का निपटारा कर देने का आश्वासन दिया।
 
वरुण चाहते थे कि मैं इटली में रह रहीं उनकी चाची की बहन से एक बार मिल लूं। इसके बाद एक कॉमन फ्रेंड के जरिये हमने उनसे संपर्क किया।
 
मोदी ने बताया, 'सोनिया की बहन ने काम कराने के बदले छह करोड़ डॉलर (करीब 360 करोड़ रुपए) की मांग की। इस पर मैंने कहा कि क्या पागलपन है?

कांग्रेस ने इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि ललित मोदी उलूल जलूल आरोप लगा रहे हैं। भाजपा के अंदर से मोदी की मदद की जा रही है। पार्टी ने आरोप लगाया कि छोटे मोदी बड़े मोदी मदद कर रहे हैं। मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है।

कांग्रेस ने यह भी  कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि सुषमा कितनी बार लंदन में ललित मोदी से मिलीं। सुषमा और ब्रिटेन के राजदूत की बात भी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
अगले पन्ने पर... वरुण से ललित मोदी के सवाल... 

इसके बाद ललित मोदी ने पूछा कि क्या वरुण गांधी इस बात से इनकार कर सकते हैं? वे शायद ऐसा करेंगे, लेकिन मैंने तमाम मुलाकातों का वीडियो रिकॉर्ड बना रखा है।
 
उन्होंने वरुण से यह भी पूछा है कि जब वे लंदन के रिट्ज होटल में ठहरे हुए थे, तो क्या उनसे मिलने उनके आवास पर नहीं आए थे? वरुण को बताना चाहिए कि उन्होंने अपनी चाची के बारे में क्या कहा था। एक विश्वविख्यात ज्योतिषी इसका गवाह है।
 
गौरतलब है कि इससे पहले ललित मोदी ने प्रियंका और राबर्ट वाड्रा के साथ लंदन में अलग-अलग मुलाकातों का खुलासा किया था। मोदी के ताजा खुलासे से भाजपा की भी मुश्किल बढ़ सकती हैं, क्योंकि नेहरू परिवार के वरुण गांधी सुल्तानपुर से भाजपा के सांसद हैं।