• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Kumar Vishwas
Written By
Last Updated : सोमवार, 4 मई 2015 (15:42 IST)

कथित अवैध संबंध पर कुमार विश्वास को मिला नोटिस

कथित अवैध संबंध पर कुमार विश्वास को मिला नोटिस - Kumar Vishwas
नई दिल्ली। दिल्ली महिला आयोग ने आम आदमी पार्टी की एक महिला कार्यकर्ता की शिकायत पर आप नेता कुमार विश्वास और उनकी पत्नी को तलब किया है। कार्यकर्ता ने यह दावा करते हुए आयोग का रुख किया था कि आप नेता के साथ उनके अवैध संबंधों की ‘झूठी अफवाह’ के कारण उनकी प्रतिष्ठा पर आंच आई और विश्वास को इस संबंध में स्पष्टीकरण देने के लिए आगे आना चाहिए।
दिल्ली महिला आयोग ने महिला की शिकायत के बाद कुमार विश्वास को समन भेज कर आगामी मंगलवार को उन्हें आयोग के समक्ष पेश होकर सफाई पेश करने का निर्देश दिया है। आयोग की एक टीम जांच के लिए अमेठी भी जाएगी। 

महिला के साथ हो रहा अन्याय : कार्यकर्ता ने यह दावा भी किया कि उसने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पुलिस आयुक्त को अलग अलग पत्र लिखकर इस बाबत जानकारी दी थी। महिला ने आरोप लगाया कि विश्वास ने इन ‘अफवाहों’ को दूर करने के लिए कार्रवाई की और केजरीवाल ने उनकी शिकायत पर गौर नहीं किया।

थी। उन्हें (विश्वास को) सामने आना चाहिए था क्योंकि शिकायत उनकी अपनी ही पार्टी की कार्यकर्ता ने की थी। महिला का आरोप है कि उनके कारण उसकी शादी टूटने के कगार पर है।’ आप की राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य विश्वास को मंगलवार को आयोग के समक्ष पेश होने को कहा गया है।

बताया जाता है कि महिला पिछले एक महीने से पति से अलग रह रही है। महिला के पति ने अवैध संबंध के शक के आधार पर उसे घर से निकाल दिया है और तलाक देने की धमकी भी दी है। महिला का कहना है कि वह अमेठी में कुमार विश्वास के चुनाव प्रचार में गई थी। महिला ने विश्वास की पत्नी पर भी उसे बदनाम करने का आरोप लगाया। महिला ने कहा, 'विश्वास की पत्नी यह कहती घूम रही हैं कि उन्होंने मुझे विश्वास के साथ अमेठी में सोते हुए रंगे हाथों पकड़ा था।'
 
महिला का कहना है कि सोशल मीडिया पर भी उसे बदनाम किया जा रहा है। महिला अफवाहों को लेकर विश्वास से सफाई चाहती है। उसके आग्रह के बावजूद कुमार विश्वास इस आरोप का सार्वजनिक तौर पर खंडन नहीं कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि महिला ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से भी इस मामले की शिकायत की है और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चिट्ठी भी भेजी है।

महिला का दावा है कि उसने 2014 लोकसभा चुनाव के दौरान अमेठी में विश्वास के लिए प्रचार अभियान में हिस्सा लिया था। उन्होंने कहा, ‘इसी आरोप की वजह से मेरे पति ने मुझे छोड़ दिया। मेरे दो बच्चे हैं। मैं एक मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखती हूं। उन्हें लगता है कि कुमार आप के प्रवक्ता हैं और एक जाना माना चेहरा हैं तो संभवत: हम दोनों के बीच कुछ है।’

महिला ने कहा, ‘मैं बता नहीं सकती। इसलिए मैं चाहती हूं कि कुमार विश्वास इस मामले में बोलें, लेकिन वह ऐसा नहीं कर रहे हैं। इसलिए मुझे महिला आयोग जाना पड़ा।’ उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी शिकायत को लेकर उन्हें धमकी भरा फोन भी आया।
 
 
विश्‍वास के  बचाव में उतरी पार्टी : बहरहाल, पार्टी विश्वास के बचाव में सामने आ गई है। इससे पहले भी विश्वास महिलाओं के खिलाफ अपने अमर्यादित शब्दों के प्रयोग के कारण विवादों में रहे हैं। आप नेता संजय सिंह ने कहा, ‘यह आरोप पूरी तरह से फर्जी और बेबुनियाद है। आप पर निशाना साधा जा रहा है। इस आरोप का कोई आधार नहीं है। कृपया हमारे परिवारों को बख्श दें।’

विश्‍वास ने कहा फर्जी आरोप : विश्वास ने कई ट्वीट के जरिए मीडिया को भाजपा के इशारे पर काम करने और ‘जबरन वसूली करने वाला’ बताया। विश्वास ने कहा कि ये आरोप फर्जी और बेबुनियाद हैं तथा यह विरोधी पार्टियों की ओर से आम आदमी पार्टी को बदनाम करने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। आप नेता ने कहा, ‘झूठ का सहारा लेकर हमें बदनाम करने के इस तरह के प्रयासों से हम प्रभावित या भयभीत नहीं होंगे। राजनीतिक भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आखिरी सांस तक हम लड़ाई लड़ेंगे।’ उन्होंने बताया कि उन्हें अभी नोटिस नहीं मिला है और वह इस पर उचित तरीके से जवाब देंगे।

दिल्ली भाजपा के नेता वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि विश्वास और दिल्ली के मुख्यमंत्री को स्पष्टीकरण देने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘यदि वह स्पष्टीकरण नहीं देते हैं तो इसका मतलब है कि कुछ गड़बड़ है..हम उस महिला के साथ हैं।’ कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा कि यह एक गंभीर शिकायत है और इस पर गौर किया जाना चाहिए।