शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. India warns Pakistan on Hafiz Saeed
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , शुक्रवार, 5 फ़रवरी 2016 (09:56 IST)

भारत ने पाक से कहा, हाफिज सईद पर कसो लगाम

भारत ने पाक से कहा, हाफिज सईद पर कसो लगाम - India warns Pakistan on Hafiz Saeed
नई दिल्ली। भारत ने पाकिस्तान में जमात-उद-दावा और अंतरराष्ट्रीय तौर पर घोषित आतंकवादी हाफिज सईद की गतिविधियों पर गंभीर चिंता जताते हुए पड़ोसी देश से उस पर लगाम कसने को कहा। एक दिन पहले ही मुंबई आतंकी हमलों के साजिशकर्ता सईद ने पठानकोट जैसे और हमलों को अंजाम दिए जाने की चेतावनी दी थी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने कहा, 'हाफिज सईद वैश्विक तौर पर घोषित अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी है। उसका यह दावा रत्ती भर भी सही नहीं है कि उसके कई सहयोगी संगठन परमार्थ कार्य कर रहे हैं।'

स्वरूप ने कहा कि वह आतंकी गतिविधियों और इनके लिए आर्थिक मदद में शामिल है। यह सभी के लिए गंभीर चिंता की बात होनी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि सईद ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि आठ लाख भारतीय सैनिक कश्मीरियों को लेकर नरसंहार कर रहे हैं। क्या उन्हें अपनी रक्षा के लिए पठानकोट जैसे हमलों को अंजाम देने का हक नहीं है। आपने केवल पठानकोट का एक हमला देखा है। मामले आसानी से तूल पकड़ सकते हैं।

स्वरूप ने कहा कि सईद पर पाकिस्तान को लगाम कसनी है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने जमात और लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकवादी संगठनों के मीडिया कवरेज पर पिछले साल पाबंदी लगा दी थी लेकिन इस प्रतिबंध के उलट इलेक्ट्रॉनिक मीडिया सईद के भाषण दिखा रहा है। (भाषा)