शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Haryana Chief Minister
Written By
Last Updated : सोमवार, 20 अक्टूबर 2014 (12:20 IST)

हरियाणा में कौन बनेगा मुख्यमंत्री, मंथन जारी

हरियाणा में कौन बनेगा मुख्यमंत्री, मंथन जारी - Haryana Chief Minister
नई दिल्ली। हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी पहली बार अकेले अपने दम पर सरकार बनाने जा रही है। स्पष्ट बहुमत के बाद अब भाजपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती वहां का मुख्यमंत्री तय करना है, क्योंकि हरियाणा में कैप्टन अभिमन्यु, ओपी धनखड़ और अनिल विज के साथ ही रामबिलास शर्मा, कृष्णपाल गुर्जर और सुषमा स्वराज भी मुख्‍यमंत्री की दौड़ में शामिल हैं।
 
हरियाणा में जाट बनाम अन्य एक बड़ा मुद्दा है। हरियाणा में जाटों की संख्या अधिक है। ऐसे में भाजपा के सामने चुनौती है कि किसी जाट नेता को सीएम बनाया जाए या किसी गैर-जाट नेता को। हालांकि भाजपा का यह कहना है कि जाति कोई मुद्दा नहीं है।
 
गैर-जाटों से भाजपा ज्यादा करीबी रही है, इसलिए इस बात की ज्यादा संभावना जताई जा रही है कि भाजपा किसी गैर-जाट नेता को मुख्यमंत्री बनाएगी। लेकिन इस बार भाजपा ने 27 सीटों पर जाट नेताओं को उतारा था, इसलिए पार्टी में जाट नेता को मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठ सकती है।
 
भाजपा के जाट नेताओं में किसान मोर्चा के अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कैप्टन अभिमन्यु प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पद की दावेदारी के लिए गैर-जाट नेताओं में पार्टी के सीनियर नेता और संघ के करीबी मनोहर लाल खट्टर और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज भी शामिल हैं।
 
गैर-जाट नेताओं में भाजना विधायक दल के नेता और संघ के एक और करीबी अनिल विज, हरियाणा भाजपा अध्यक्ष रामबिलास शर्मा और कृष्णपाल गुर्जर भी मजबूत उम्मीदवार हैं। लेकिन भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद ही मुख्यमंत्री का नाम थोड़ा ज्यादा साफ हो सकता है।

इस बीच, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने साफ कर दिया है कि हरियाणा में दिल्ली से मुख्यमंत्री नहीं थोपा जाएगा। चंडीगढ़ में केंद्रीय पर्यवेक्षक वेंकैया नायडू और दिनेश शर्मा की मौजूदगी में पार्टी विधायक दल का नेता चुना जाएगा। नायडू मंगलवार को चंडीगढ़ जाएंगे। (भाषा)