दिल्ली एयरपोर्ट से 16 किलो सोने के बिस्कुट बरामद
नई दिल्ली। सुरक्षा अधिकारियों ने यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दुबई से आए कुछ यात्रियों के पास से सोमवार को 16 किलोग्राम सोने के बिस्कुट बरामद किए।
प्रत्येक बिस्कुट का वजन एक किलोग्राम है। ये बिस्कुट बच्चों के डायपर और छोटे तौलियों में छुपाकर रखे गए थे। पता चला है कि इस मामले में गिरफ्तार लोग दुबई से भारत के बीच नियमित यात्रा करते रहे हैं।
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, दुबई से आने वाले ये यात्री सुबह जैसे ही विमान से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे और आव्रजन जांच से गुजरने लगे उसी वक्त उनके सामान में ये सोने के बिस्कुट बरामद किए गए। यात्रियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। (वार्ता)