शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Currency ban, demonetization, bank, Narendra Modi App
Written By
Last Modified: बुधवार, 23 नवंबर 2016 (21:07 IST)

देश के 90% लोग मानते हैं नोटबंदी को सही

देश के 90% लोग मानते हैं नोटबंदी को सही - Currency ban, demonetization, bank, Narendra Modi App
नई दिल्ली। देश में नोटबंदी के बाद से जारी अफरा-तफरी, बैंकों के बाहर लगीं लंबी-लंबी लाइनों के माहौल के बीच भी 90 फीसदी लोग मानते हैं कि केंद्र सरकार द्वारा बड़े नोट बंद करने का फैसला सही है। 
नरेन्द्र मोदी ने एप के माध्यम से किए गए सर्वे में यह निष्कर्ष सामने आए हैं, जिसमें 5 लाख से ज्यादा लोगों ने अपनी राय जाहिर की है। इस सर्वे में लोगों से 10 सवाल पूछे गए थे। क्या देश में कालाधन है? इस सवाल के जवाब में 98 प्रतिशत लोगों ने अपनी राय जाहिर की कि हां, देश में काला धन है। हालांकि इस सर्वे के जवाब में कुछ लोगों ने यह भी प्रतिक्रिया जाहिर की कि मोदी साहब हमें इस सर्वे में 'नहीं' का तो ऑप्शन ही नहीं मिला। 
 
पांच लाख लोगों ने व्यक्त की राय : जन-जन की बात नाम के इस सर्वेक्षण के शुरू होने के 24 घंटे के भीतर दुनिया के 2000 स्थानों से पांच लाख से भी अधिक लोगों ने अपनी राय व्यक्त की। प्रति मिनट 400 से अधिक जवाब दिए गए। इनमें 93 प्रतिशत लोग भारत से हैं। सर्वेक्षण में 24 प्रतिशत जवाब हिन्दी भाषा में मिले हैं। यह सर्वेक्षण कल सुबह 10 बजे शुरू हुआ था और अपराह्न साढ़े तीन बजे तक पांच लाख से अधिक लोगों इस पर अपनी राय व्यक्त की है।
       
प्रधानमंत्री के ट्विटर पर आज जारी सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार अब तक पांच लाख लोगों ने अपनी राय भेजी है जिसमें 93 प्रतिशत से अधिक ने 500 और 1000 रुपए के नोट प्रचलन से बाहर करने निर्णय का समर्थन किया है और केवल दो प्रतिशत ने इसे अनुचित बताया है। सर्वेक्षण में भाग लेने वाले 86 प्रतिशत लोगों का मानना है कि कुछ कथित भ्रष्टाचार विरोधी कार्यकर्ता ही अब काला धन, भ्रष्टाचार और आतंकवाद को की जा रही फंडिग का समर्थन कर रहे हैं।
 
सर्वेक्षण में हिस्सा लेने वाले 98 प्रतिशत लोगों का कहना है कि भारत में काला धन मौजूद है, 99 प्रतिशत का मानना है कि भ्रष्टाचार और काला धन की समस्या से निपटने की जरुरत है। इसके अलावा 92 प्रतिशत का मानना है कि इस मुहिम का कालाधन, भ्रष्टाचार और आतंकवाद की फंडिंग पर असर पडेगा। इसके अलावा 73 प्रतिशत से अधिक का मानना है कि काले धन पर लगाम लगाने के लिए सरकार का यह कदम बेहद सराहनीय है जबकि 90 प्रतिशत से अधिक का मानना है कि यह अच्छा कदम है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्विट कर सर्वेक्षण में ऐतिहासिक भागीदारी के लिए लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि लोगों की सोची-समझी राय और टिप्पणियों से उन्हें बहुत संतोष मिला है।