बुधवार, 30 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Congress, X, Pahalgam terror attack, Prime Minister Narendra Modi, Social media, कांग्रेस, एक्स, पहलगाम आतंकी हमला, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सोशल मीडिया
Last Updated :नई दिल्ली , बुधवार, 30 अप्रैल 2025 (09:12 IST)

विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस ने एक्स से डिलीट किया सिर गायब वाला पोस्ट

congress delete pm narendra modi head invisible post from social media after controversy
कांग्रेस ने सिर गायब वाला पोस्ट एक्स से डिलीट कर दिया है। मीडिया खबरों के मुताबिक विवाद बढ़ने के बाद पार्टी ने यह कदम उठाया। भाजपा ने कांग्रेस की एक पोस्ट पर उसे आड़े हाथ लिया है जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को संकट के समय ‘गायब’ नेता के रूप में दर्शाने की कोशिश की गई है। विवाद बढ़ने के बाद इस पोस्ट को हटा दिया गया। 
कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी का नाम लिए बिना उनकी किसी पुरानी तस्वीर को दिखाया गया है जिसमें केवल परिधान दिखाई दे रहे हैं और उनका शरीर दिखाई नहीं दे रहा है। कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर जारी इस तस्वीर में ऊपर ‘गायब’ लिखा है। पार्टी ने इसके लिए कैप्शन दिया है, ‘‘जिम्मेदारी के समय गायब’’।
 
भाजपा ने कहा था लश्कर ए पाकिस्तान कांग्रेस
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने दावा किया कि कांग्रेस की यह पोस्ट पाकिस्तान को यह संदेश देने के लिए लगाई गई कि विपक्षी पार्टी इस समय उनके साथ है। भंडारी ने कांग्रेस को ‘लश्कर-ए-पाकिस्तान कांग्रेस’ करार दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर यह तस्वीर पार्टी नेता राहुल गांधी के कहने पर पोस्ट की।  उन्होंने कहा कि 'सिर तन से जुदा’ लश्कर-ए-पाकिस्तान कांग्रेस की बुनियादी विचारधारा और चरित्र बन गया है।’’
भाटिया ने भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मंशा कुछ भी हो, लेकिन यह कांग्रेस की ओर से की गई सीधी-सादी पोस्ट नहीं है। यह भारत की अखंडता को कमजोर करने की कुत्सित सोच है। 
 
उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बहादुर सेना ने भारत को बुरी नजर से देखने वाली ताकतों को तबाह करने का संकल्प लिया है, वहीं दूसरी तरफ आतंकी ताकत, राक्षसी ताकत....पाकिस्तान की सोच और कांग्रेस की सोच है।’’
 
भाटिया ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधने की कोशिश कर रहे हैं और पाकिस्तान को यह संदेश दे रहे हैं कि कायरतापूर्ण (पहलगाम) आतंकी हमले में कांग्रेस पाकिस्तान के साथ खड़ी है और अपने देश भारत या इंडिया के साथ नहीं।
 
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान के पूर्व मंत्री चौधरी फवाद हुसैन ने कांग्रेस की पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए प्रधानमंत्री मोदी और भारत के खिलाफ ‘आपत्तिजनक टिप्पणियां’ की हैं। भंडारी ने कहा कि क्या राहुल गांधी पाकिस्तान से तारीफ बटोरने के लिए भारत से विश्वासघात कर रहे हैं।
 
 
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस महत्वपूर्ण समय में भारत को कमजोर करने की और पाकिस्तान को यह संदेश भेजने की कोशिश कर रही है कि वह उनके साथ है। भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘कांग्रेस ने ‘सिर तन से जुदा’ वाली छवि का इस्तेमाल करके कोई संदेह नहीं छोड़ा है। यह महज एक राजनीतिक बयान नहीं है; यह मुस्लिम वोट बैंक के पक्ष में और प्रधानमंत्री के खिलाफ परोक्ष तरीके से उकसावे वाला काम है।’’
 
मालवीय ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने इस तरह का हथकंडा पहली बार नहीं अपनाया है। राहुल गांधी ने कई बार प्रधानमंत्री के प्रति हिंसा को उकसाया भी है और उसे सही भी ठहराया है। फिर भी कांग्रेस इसमें कामयाब नहीं होगी क्योंकि प्रधानमंत्री को लाखों भारतीयों का स्नेह और आशीष प्राप्त है।’’
 
उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी का सिर कटा है तो वह कांग्रेस है, जो अब बिना सिर वाले हाइड्रा की तरह इधर-उधर हाथ-पैर पटक रही है। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का हाथ पाकिस्तान के आतंकवादियों और हिंदुओं के हत्यारों को बचाने वालों के साथ है।
 
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए आरोप लगाया कि ऐसा लगता है कि कांग्रेस को सीधे पाकिस्तान से आदेश मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सर्वदलीय बैठक में एकजुटता पर जोर दिया था, लेकिन उसकी जम्मू कश्मीर इकाई के अध्यक्ष समेत कुछ नेता पाकिस्तान से बातचीत करने का सुझाव दे रहे हैं।
 
भंडारी ने कहा कि पाकिस्तान के एक पूर्व मंत्री ने कांग्रेस के सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला दिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जहां कांग्रेस के लिए बल्लेबाजी कर रहा है, वहीं कांग्रेस, पाकिस्तान के लिए गेंद डाल रही है।
 
पहलगाम आतंकी हमले के बाद कुछ दिन तक एक स्वर में बोलने के बाद सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच अब आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गए थे जिनमें अधिकतर पर्यटक थे।
 
भाजपा ने कई कांग्रेस पदाधिकारियों की विवादास्पद टिप्पणियों का हवाला देते हुए उन पर पाकिस्तान की भाषा बोलने का आरोप लगाया है तथा आतंकवादियों और उनके प्रायोजकों के खिलाफ कार्रवाई में सरकार को समर्थन देने में कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे की गंभीरता पर सवाल उठाया है।
 
दूसरी तरफ कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए उनके सर्वदलीय बैठक में शामिल नहीं होने और बिहार में विकास परियोजनाओं की शुरुआत के मौके पर आयोजित एक सभा को संबोधित करने के लिए उनकी आलोचना की है। कांग्रेस ने इसे राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों से जोड़ा है। इनपुट भाषा Edited by: Sudhir Sharma