शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Bengal, floods
Written By
Last Updated :कोलकाता , सोमवार, 3 अगस्त 2015 (23:55 IST)

बंगाल में बाढ़ का कहर, मृतक संख्या 69 हुई

बंगाल में बाढ़ का कहर, मृतक संख्या 69 हुई - Bengal, floods
कोलकाता। बांधों से फिर से पानी छोड़े जाने और ऊंचे ज्वार के कारण दक्षिण बंगाल में बाढ़ की स्थिति सोमवार को और भी गंभीर हो गई। बाढ़ से प्रभावित 12 जिलों में मरने वालों की संख्या जहां 69 हो गई है, वहीं 2213 राहत शिविरों में 3.63 लाख से ज्यादा लोगों ने शरण ले रखी है।
राष्ट्रीय आपदा विभाग के सूत्रों ने कहा कि प्रभावित जिलों से सोमवार को 21 लोगों के मौत की खबर है जिससे मरने वालों की संख्या 69 पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि बिजली गिरने, दीवार ढहने, करंट लगने, सांप के काटने और डूबने के कारण लोगों की मौत हुई है।
 
सू़त्रों ने कहा, 3.63 लाख से ज्यादा फंसे लोगों को आश्रय देने के लिए 2213 राहत शिविर बनाए गए हैं और 461 मेडिकल शिविर खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की कुल संख्या करीब 52 लाख है।
 
सूत्रों ने कहा कि 55,899 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और दो लाख 72 हजार 488 घरों को आंशिक रूप से क्षति हुई है। बाढ़ के कारण पांच लाख 18 हजार 173 हेक्टेयर से ज्यादा क्षेत्र में फसलों को नुकसान हुआ है।
 
राज्य के सिंचाई मंत्री राजीब बनर्जी ने कहा, भले ही आज कम बारिश हुई लेकिन बर्धमान, हुगली, हावड़ा, पश्चिम मिदनापुर और पूर्वी मिदनापुर जिले में स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया। उन्होंने कहा कि दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना, नदिया, मुर्शिदाबाद, बांकुड़ा और बीरभूम जिले भी बुरी तरह प्रभावित क्षेत्रों में शामिल हैं।
 
राजीब बनर्जी ने कहा, प्रभावित जिलों में उच्च ज्वार और विभिन्न बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण स्थिति में कोई फर्क नहीं आया। बहरहाल, बांधों से पानी छोड़ने पर नियंत्रण होने के बाद स्थिति में सुधार आने की संभावना है। 
 
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य सचिवालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बाढ़ की नवीनतम स्थिति की समीक्षा की। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कल रात फोन पर मुख्यमंत्री से बात कर बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली।
 
बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने के लिए राज्य सचिवालय में रात गुजारने वाली मुख्यमंत्री ने सोमवार को उत्तर 24 परगना जिले के प्रभावित इलाकों अशोकनगर और हावडा का दौरा किया और प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री वितरित की।
 
बनर्जी ने कई मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रभावित इलाकों का दौरा करें और राहत प्रबंधों का जायजा लें। उन्होंने कहा कि राहत के वितरण में कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए और वादा किया कि उनकी सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने विपक्षी दलों से अपील की कि राहत वितरण को लेकर राजनीति में नहीं फंसें।
 
इससे पहले मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि चौबीसों घंटे स्थिति की निगरानी करें और उपयुक्त कदम उठाएं। इस बीच आईएमडी कोलकाता ने बयान जारी कर दक्षिण बंगाल में मौसम की स्थिति में सुधार आने के संकेत दिए। बहरहाल पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना भी जताई।
 
अंडमान निकोबार द्वीप समूह के साथ ही पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बुधवार को भी भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है। नदिया जिले से मिली एक खबर के मुताबिक मायापुर स्थित विश्व प्रसिद्ध इस्कॉन मंदिर में बाढ़ का पानी घुस गया है। मंदिर में जिस स्थान पर कीर्तन होता है, वहां पानी जमा है। (भाषा)