शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Ashok Gehlot Rajasthan Chief Minister
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 14 दिसंबर 2018 (17:11 IST)

अशोक गहलोत होंगे राजस्थान के मुख्यमंत्री, सचिन पायलट उपमुख्यमंत्री

अशोक गहलोत होंगे राजस्थान के मुख्यमंत्री, सचिन पायलट उपमुख्यमंत्री - Ashok Gehlot Rajasthan Chief Minister
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत को राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाने संबंधी प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। सचिन पायलट को राज्य का उपमुख्यमंत्री बनाया गया हैै।  
 
राजस्थान के मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी सस्पेंस आज समाप्त हो गया।आज शाम लगभग 4 बजे कांग्रेस मुख्यालय में इस बात का ऐलान किया गया।


इस अवसर पर अशोक गेहलोत ने कहा कि हम चुनाव में किया वादा निभाएंगे। सचिन पायलट ने अशोक गहलोत को बधाई देते हुए कहा कि चुनाव में मेरा और गहलोत का जादू चल गया। हम 2019 में भी इस सफलता को दोहराएंगे। 

राजस्थान के लिये कांग्रेस के पर्यवेक्षक केसी वेणुगोपाल द्वारा यहां एक मीडिया ब्रीफिंग में यह घोषणा किए जाने के बाद, गहलोत ने राज्य के लोगों की तीसरी बार सेवा करने का मौका देने के लिए गांधी को शुक्रिया कहा और वादा किया कि वह और पायलट ‘अच्छा शासन’ देंगे। पायलट ने भरोसा जताया कि कांग्रेस का अच्छा चुनावी प्रदर्शन जारी रहेगा और पार्टी को 2019 चुनावों में बड़ा जनादेश मिलेगा और वह सरकार बनाएगी। वेणुगोपाल ने कहा, ‘हम आज राज्यपाल से मिलेंगे और शपथ ग्रहण समारोह के कार्यक्रम पर फैसला लेंगे।’ 
 
अशोक गहलोत पहले भी दो बार राजस्थान के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और उन्हें काफी अनुभव है, वहीं सचिन पायलट राजस्थान में युवाओं के चहेते थे। अशोक गहलोत पांच बार सांसद रह चुके हैं और पांचवीं बार विधायक चुने गए हैं। वह केंद्र और राज्य दोनों ही जगह मंत्री पद संभाल चुके हैं। वह तीन बार कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष रहे हैं।