Last Modified: नई दिल्ली ,
रविवार, 8 जून 2014 (13:02 IST)
ताजमहल की चमक बढ़ाएगा ‘मड पैक’ नुस्खा
नई दिल्ली। दुनिया के सात आश्चर्य में से एक ताजमहल में पीले पड़ते जा रहे सफेद संगमरमर की नैसर्गिक चमक को बहाल करने के लिए ‘मड पैक’ नुस्खा अपनाया जाएगा।
FILE
एएसआई के सुपरिटेंडिंग आर्कियोलॉजिस्ट बीएम भटनागर ने कहा कि शहर में बढ़ते प्रदूषण के कारण सफेद संगमरमर पीला होता जा रहा है और इसकी चमक भी खत्म हो रही है।
स्मारक की प्राकृतिक सुंदरता बहाल करने के लिए एएसआई की रासायनिक शाखा ‘मड पैक’ नुस्खा आजमाने की शुरुआत कर रहा है। यह प्रक्रिया उसी तर्ज पर है, जैसे भारतीय महिलाएं अपने चेहरे को निखारने के लिए मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल करती हैं।
स्मारक के ‘फेसियल ट्रीटमेंट’ के तहत प्रभावित जगहों पर चूनायुक्त चिकनी मिट्टी से प्लास्टर होगा और फिर इसे उतार लिया जाएगा। जैसे ही यह सूखेगा स्मारक पर धब्बा या मटमैला हिस्सा इससे पूरी तरह से धुल जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस दौरान सतह को 2 मिलीमीटर मिट्टीयुक्त सामग्री से ढंककर फिर नायलोन के मुलायम ब्रशों से साफ किया जाएगा। इसके बाद डिस्टिल्ड वॉटर से सतह से गंदगी दूर की जाएगी।
17वीं सदी के संगमरमर को इसी नुस्खे से पूर्व में 3 बार चमकाया जा चुका है। पहली बार 1994 में फिर 2001 में और अंतिम बार 2008 में इस नुस्खे की बदौलत खोई हुई चमक वापस लाई गई थी। अभी यह प्रक्रिया दस्तावेजीकरण चरण में है।
सफेद संगमरमर के इस स्मारक को मुगल शासक शाहजहां ने अपनी बेगम मुमताज महल की याद में बनवाया था। (भाषा)