• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2023
  2. विधानसभा चुनाव 2023
  3. मिजोरम विधानसभा चुनाव 2023
  4. Counting of assembly elections in Mizoram now on 4th December
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , शुक्रवार, 1 दिसंबर 2023 (22:22 IST)

मिजोरम में विधानसभा चुनाव की मतगणना अब 4 दिसंबर को

मिजोरम में विधानसभा चुनाव की मतगणना अब 4 दिसंबर को - Counting of assembly elections in Mizoram now on 4th December
Mizoram Assembly Election 2023: निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को कहा कि मिजोरम में विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना अब निर्धारित समय से एक दिन बाद यानी 4 दिसंबर को होगी। पहले मतगणना 3 दिसंबर (रविवार) को होनी थी।
 
निर्वाचन आयोग ने कहा कि यह निर्णय मतगणना की तारीख में बदलाव के विभिन्न हलकों के अनुरोध के बाद इस आधार पर लिया गया कि रविवार का दिन ईसाई-बहुल राज्य मिजोरम के लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है।
 
इसने कहा कि आयोग ने इन अभ्यावेदनों पर विचार करते हुए, मिजोरम विधानसभा के आम चुनाव के लिए मतगणना की तारीख को 3 दिसंबर, 2023 (रविवार) से संशोधित करके 4 दिसंबर, 2023 (सोमवार) करने का निर्णय लिया है।
 
पहले चार अन्य राज्यों राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के साथ ही मिजोरम में भी मतगणना तीन दिसंबर को होनी थी। इन सभी राज्यों में पिछले महीने विधानसभा चुनाव हुए थे।
 
उल्लेखनीय है कि मिजोरम में जेडपीएम की सरकार बन सकती है, जबकि सत्तारूढ़ एमएनएफ यहां दूसरे और कांग्रेस यहां तीसरे स्थान पर रह सकती है। राज्य में 40 विधानसभा सीटों के लिए 7 नवंबर को एक चरण में मतदान हुआ था। 

कांग्रेस ने उठाए सवाल : कांग्रेस ने मिजोरम विधानसभा चुनाव की मतगणना 3 दिसंबर की जगह अब 4 दिसंबर को कराए जाने के निर्वाचन आयोग के फैसले के बाद शुक्रवार को सवाल किया कि इतना सरल कदम उठाने में इतनी देरी क्यों क्यों हुई।
 
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने 'एक्स' पर पोस्ट किया कि मिजोरम चुनाव में भाग लेने वाले राजनीतिक दलों ने वहां मतगणना की तिथि 3 दिसंबर से 4 दिसंबर करने के लिए कहा था। एक महीने से अधिक समय पहले प्रतिवेदन दिया गया था, लेकिन निर्वाचन आयोग चुप रहा। आज कुछ देर पहले ही इसकी तारीख आगे बढ़ाई गई है। (भाषा)
 
ये भी पढ़ें
फिर मुख्‍यमंत्री बनने के सवाल पर क्या बोले शिवराज सिंह चौहान?