1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. साहित्य
  4. »
  5. आलेख
  6. क्या कर रहे हैं हमारे आलोचक?

क्या कर रहे हैं हमारे आलोचक?

रचना और आलोचना
विमल कुमार
WD
WD
हिंदी में 'रचना और आलोचना' का रिश्ता कभी सहज नहीं रहा। 'रचना' को यह शिकायत रही कि उसकी सही 'आलोचना' नहीं हुई और 'आलोचना' की शिकायत रही कि रचना उसकी कसौटियों पर खरी नहीं उतरी। दरअसल आलोचना के अपने मानदंड रहे हैं और जितनी तेजी से 'रचना' बदलती रही, उतनी तीव्रता से आलोचना के मानदंडों में परिवर्तन नहीं हुए।

आलोचना ठहरकर रूढ़ हो गई जिसका परिणाम यह रहा कि कई बार रचना 'अलक्षित' रह गई। आलोचक का काम यह है कि वह अलक्षित रचना को पहचाने, उसके मर्म को समझे पर अक्सर देखा यह गया है कि हिंदी आलोचना में एक तरह की भेड़चाल रही। कुछ खास रचनाकारों पर ध्यान अधिक केंद्रित रहा और कई रचनाकारों की सुध ही नहीं ली गई।

ND
ND
किसी रचनाकार के शोर में उसके कई महत्वपूर्ण साथी और समकालीन रचनाकार दब गए। छायावाद, नई कविता और नई कहानी के दौर में भी इस तरह के हादसे हुए। महादेवी वर्मा की जन्मशती के मौके पर उनके पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू हुई और अब तो कई आलोचक यह मानने लगे हैं कि छायावाद की तीसरा स्तंभ महादेवी ही थीं, जबकि उन्हें अब तक चौथी जगह हासिल थी।

क्या इस बीच आलोचकों की दृष्टि बदली है या जब पंत जी का शोर अधिक था, इसलिए महादेवी किचिंत अलक्षित रह गई थीं? नई कहानी आंदोलन में राजेन्द्र यादव, मोहन राकेश और कमलेश्वर की ही चर्चा होती रही जबकि रामनारायण शुक्ल जैसे अनेक कहानीकार अलक्षित रहे। नई कविता के दौर में अज्ञेय की ही चर्चा अधिक होती रही। वही साहित्य के केंद्र में रहे जबकि प्रगतिशील काव्यधारा के कवि हाशिए पर रहे। बहुत बाद में मुक्तिबोध को पहचाना गया।

पर प्रश्न केवल कविता या कहानी का नहीं है। हिंदी आलोचना की दुनिया मे अन्य विधाओं के साथ तो अत्यंत बुरा सलूक हुआ। व्यंग्य, यात्रा संस्मरण, जीवनी निबंध की तो समुचित आलोचना ही नहीं हुई। व्यंग्य विधा को एक तरह से 'अछूत' विधा माना गया। काव्य लेखन को श्रेष्ठ पर व्यंग्य लेखन को निकृष्ट माना गया।

हिंदी के अधिकतर धीर-गंभीर लेखक इस विधा में हाथ नहीं आजमाते जबकि यह साधारण पाठकों के बीच सबसे लोकप्रिय विधा है और जितनी तल्खी के साथ आदमी इसमें अपनी बात कहता है, वह तल्खी और पैनापन अन्य विधाओं में नहीं है। हरिशंकर परसाई और शरद जोशी को अपवाद माने तो हिंदी के व्यंग्यकारों को गंभीरता से नहीं लिया गया। इसका एक कारण यह हो सकता है कि हिंदी में व्यंग्य के नाम पर कूडा-कचरा भी काफी लिखा गया।

पत्नी, प्रेमिका, कवि, बॉस जैसे पिटे-पिटाए चीज ही ज्यादातर व्यंग्य के पात्र बने, पर आलोचना का काम यह भी है कि जो अच्छा लिख रहा है, उसकी पहचान करे। हिंदी कें शीर्षस्थ आलोचकों ने कभी भी व्यंग्य पर नहीं लिखा। यहाँ तक कि संस्मरण और यात्रा संस्मरण आलोचना की भी उन्होंने परवाह नहीं की।

हाल के वर्षों में कांतिकुमार जैन ने काफी बेहतर संस्मरण लिखे जिसकी तरफ हिंदी साहित्य का ध्यान गया। कृष्णनाथ ने सुंदर यात्रा संस्मरण लिखे, अमृतलाल बेगड़ ने बहुत ही विलक्षण ढंग से नर्मदा की यात्रा के संस्मरण लिखे पर हिंदी आलोचना में इसके लिए सम्मानजनक स्थान नहीं है।

यही नहीं अब कोई कहानी की दुनिया में नए शिल्प रचता है और नई भाषा प्रदान करता है तथा नई दृष्टि में नई बात कहता है तो उसकी तरफ भी अक्सर ध्यान नहीं जाता और जाता है तो किसी एक रचनाकार पर ध्यान केंद्रित हो जाता है। हिंदी कहानी उदय प्रकाश के इर्द-गिर्द सिमट सी गई है और हिंदी कविता अशोक वाजपेयी और केदारनाथ सिंह तक।

ND
पिछले दिनों चर्चित कवि कुमार अम्बुज का कहानी संग्रह 'इच्छाएँ' सर्वथा एक नवीन दृष्टि लिए आया जिसने कहानी के प्रचलित फार्म को न तोड़ा बल्कि नए ढंग से अपनी बात भी कही लेकिन आज कोई ऐसा आलोचक नहीं जो सार्वजनिक रूप से इस बात को सबके सामने रखे जैसा कि नलिन विलोचन शर्मा ने एक जमाने में रेणु के 'मैला आँचल' के बारे में साहित्यिक ढंग से अपनी बात कही थी।

दरअसल आज की आलोचना आत्मविश्वास की कमी तथा संशय से भी भरी है। यही कारण है कि आज बेहतर रचनाएँ अलक्षित हो रही हैं। रचनाओं और रचनाकारों की भीड़ तो बढ़ गई है, पुस्तकों तथा समीक्षकों की भी भीड़ बढ़ गई है पर असली तथा नकली रचनाओं का भेद मिट सा गया है। लगता है कि आलोचक अब जौहरी नहीं रहा। और उसकी आलोचना भी संतुलित नहीं रही।

रचनाकार की तरह आलोचक को भी अपना आत्मसंघर्ष करना पड़ता है। मुक्तिबोध इस अर्थ में हिंदी के सर्वाधिक ईमानदार आलोचक थे। इस ईमानदारी के अभाव में आलोचना अपने लक्ष्य से भटक गयी है और वह अब विलक्षित है। रचना के अलक्षित होने के कारण ही हिंदी में चर्चा 'रचनाओं' पर होती है। आलोचना को व्यक्ति केंद्रित होने की बजाए 'रचना' केंद्रित होनी चाहिए।