शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. मध्यप्रदेश
  4. dhar leopard attack
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 10 अप्रैल 2015 (20:04 IST)

तेंदुए ने खाया 8 वर्षीय बालक का कान, पिता पर भी हमला

तेंदुए ने खाया 8 वर्षीय बालक का कान, पिता पर भी हमला - dhar leopard attack
-चयन राठौड़ 
 
धार। जिले के ग्रामीण इलाकों में एक बार फिर तेंदुए की दहशत फैल गई है। गुरुवार रात तेंदुए ने हमला कर 8 वर्षीय बालक का कान और गाल का कुछ हिस्सा चबा डाला और उसके पिता को भी घायल कर दिया। 
 
प्राप्त जानकारी के अनुसार नालछा विकासखंड के ग्राम डिपली में गुलसिंह का परिवार गुरुवार रात झोपड़ी के बाहर सो रहा था। करीब 11 बजे उन पर तेंदुए ने हमला कर दिया। उसने गुलसिंह के 8 वर्षीय बालक सुनील का कान और गाल का कुछ हिस्सा चबा लिया था। हमले की आहट पर गुलसिंह की नींद खुली तो तेंदुए ने हमला कर उसे भी घायल कर दिया। अन्य लोगों के जागने और शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया।
 
घायल सुनील को धार जिला भोज चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में तेंदुए को पकड़ने के लिए सर्चिंग कर रही है। 
 
इसके पूर्व भी जिले में तेंदुए के हमले में एक बालिका की मौत हो चुकी है। वन विभाग की इंदौर टीम ने कई दिनों के पश्चात क्षेत्र से आदमखोर तेंदुए को पकड़ा था। जिले में लगातार तेंदुआ देखे जाने की खबरों के बाद भी वन विभाग ने अपनी ओर से जानवर को पकड़ने के लिए कोई प्रयास नहीं किए थे। हमले में मौत के बाद तेंदुए को पकड़ा गया था। उसके बाद अन्य तेंदुए होने की जानकारी नहीं निकाली गई। नतीजे में एक बार फिर ग्रामीणों पर हमला हुआ है। 
 
बाल विवाह रुकवाया : जिले के नालछा विकासखण्ड के मांडव में 13 वर्षीय एक बालिका का विवाह 15 अप्रैल को होने जा रहा था। सूचना मिलने पर कलेक्टर श्रीमती जयश्री कियावत ने इस विवाह को रुकवाने के निर्देश जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी जैन  को दिए। उन्होंने परियोजना अधिकारी आईसीडीएस नालछा संजय तिवारी के नेतृत्व में एक टीम बालिका के घर भेजी, जिन्होंने बालिका के परिजनों को समझाइश देकर बाल विवाह रुकवाया और 18 वर्ष की उम्र के बाद ही उसका विवाह करने का लिखि‍त आश्वासन लिया।
 
माण्डव पुलिस थाने के एएसआई नायक ने टीम को पुलिस बल उपलब्ध करवाया था। बारात इंदौर जिले की देपालपुर तहसील के गौतमपुरा से आने वाली थी। इस संबंध में इन्दौर एसपी और जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी सूचना दी गई ताकि वे भी इस बाल विवाह को रोकने हेतु अपने स्तर से नियमानुसार उचित कार्रवाई कर सकें। 
 
भाजपा नए सदस्यों को देगी धन्यवाद : भाजपा 30 अप्रैल को महासदस्यता अभियान समाप्त होने के बाद 15 मई से महाजनसंपर्क अभियान शुरू करेगी। धार जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश धाड़ीवाल ने बताया कि इसमें बूथ स्तर तक कार्यकर्ता अपने क्षेत्रों के नए सदस्यों को भाजपा से जुड़ने के लिए धन्यवाद ज्ञापित करने के लिए पहुंचेंगे। 
 
धाड़ीवाल ने बताया कि जिले के वर्तमान के 6 लाख 86 हजार सदस्य और 30 अप्रैल तक संभावित 1 लाख और नए सदस्यों को जोड़कर सभी सदस्यों के पास भाजपा पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि इस महाजनसंपर्क अभि‍यान में भूमि अधिग्रहण विधेयक की वास्तविकता से लोगों को अवगत कराकर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को दूर किया जाएगा।