गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. India Srilanka test
Written By
Last Updated : मंगलवार, 5 दिसंबर 2017 (17:50 IST)

भारत-श्रीलंका टेस्‍ट का चौथा दिन, श्रीलंका को मिला 410 रन का लक्ष्य

भारत-श्रीलंका टेस्‍ट का चौथा दिन, श्रीलंका को मिला 410 रन का लक्ष्य - India Srilanka test
नई दिल्ली। भारत लगातार नौ सीरीज़ जीतने के ऑस्ट्रेलिया के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी करने से एक कदम दूर रह गया है। भारत ने ओपनर शिखर धवन (67), कप्तान विराट कोहली (50) और रोहित शर्मा (नाबाद 50) के शानदार अर्धशतकों से अपनी दूसरी पारी मंगलवार को चौथे दिन पांच विकेट पर 246 रन पर घोषित कर श्रीलंका के सामने तीसरे और अंतिम टेस्ट में जीत के लिए 410 रन का लक्ष्य रखा। श्रीलंका ने इस लक्ष्य का पीछा करते हुए स्टम्प्स तक अपने तीन विकेट मात्र 31 रन पर खो दिए।
           
श्रीलंका को अभी जीत के लिए 379 रन और बनाने हैं जो उसके लिए बेहद मुश्किल काम बन चुका है और भारत को ऐतिहासिक जीत की सुगंध अभी से आने लगी है। श्रीलंका के गिरे तीन विकेटों में दो विकेट लेफ्ट आर्म स्पिनर और एक विकेट तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने लिया। जडेजा ने ओपनर दिमुथ करुणारत्ने (13) और नाइट वाचमैन सुरंगा लकमल (शून्य) को आउट किया, जबकि शमी ने सदीरा समरविक्रमा (पांच) को आउट किया। स्टम्प्स के समय धनंजय डी सिल्वा (13) और एंजेलो मैथ्यूज खाता खोले बिना क्रीज पर थे। 
                  
भारत को पहली पारी में 163 रन की बढ़त हासिल हुई थी और उसने अपनी दूसरी पारी पांच विकेट पर 246 रन पर घोषित कर कोटला टेस्ट को पूरी तरह अपने नियंत्रण में ले लिया है। फिरोज़शाह कोटला मैदान में पिछले 30 वर्षों से अपराजित चल रहा भारत अब लगातार नौ सीरीज़ जीतने के ऑस्ट्रेलिया के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी से एक कदम दूर है।
                  
ऑस्ट्रेलिया ने 2005 से 2008 तक लगातार नौ सीरीज़ जीतने का विश्व रिकॉर्ड बनाया था। भारत का सफर 2015 में श्रीलंका को उसी की जमीन पर 2-1 से मात देने के साथ शुरू हुआ था। भारत ने उसके बाद दक्षिण अफ्रीका को 3-0 से, वेस्टइंडीज को 2-0 से, न्यूजीलैंड को 3-0 से, इंग्लैंड को 4-0 से, बांग्‍लादेश को 1-0 से, ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से और श्रीलंका को 3-0 से हराया।
                   
भारत ने मौजूदा सीरीज़ में श्रीलंका को नागपुर के दूसरे टेस्ट में पारी और 239 रन के रिकॉर्ड अंतर से मात दी थी और अब कोटला टेस्ट में भी उसने श्रीलंका के सामने बेहद मुश्किल लक्ष्य रख दिया है। भारत ने सुबह श्रीलंका को पहली पारी में 373 रन पर समेटने के साथ ही 163 रन की भारी बढ़त हासिल कर ली। भारत ने इसके बाद तेज़ गति से बल्लेबाजी की और 52.2 ओवर में पांच विकेट पर 246 रन जोड़े। ओपनर शिखर धवन ने अपने 32वें जन्मदिन का जश्न 176 मिनट क्रीज पर रहकर 91 गेंदों का सामना करते हुए अर्धशतक जमाकर मनाया।
               
उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। कप्तान विराट कोहली ने अपनी जबरदस्त फार्म बरकरार रखते हुए मात्र 58 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 50 रन की पारी खेली। उन्होंने इसके साथ ही सीरीज़ में 600 रन भी पूरे कर लिए। विराट इस तरह तीन अलग-अलग सीरीज़ में 600 रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज़ बन गए। रोहित शर्मा ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी की और 49 गेंदों में पांच चौके जमाते हुए नाबाद 50 रन बनाए।
               
अजिंक्य रहाणे ने भी शानदार प्रदर्शन किया लेकिन वे मात्र एक रन से अपने अर्धशतक से चूक गए। पुजारा ने 66 गेंदों में 49 रन में पांच चौके लगाए। पहली पारी के शतकधारी मुरली विजय नौ रन और बल्लेबाजी क्रम में तीसरे नंबर पर भेजे गए अजिंक्य रहाणे 10 रन बनाकर आउट हुए। रवींद्र जडेजा चार रन पर नाबाद रहे।
                
भारत ने सुबह के सत्र में दो विकेट, दोपहर के सत्र में दो विकेट और आखिरी सत्र में एक विकेट गंवाया। लंच तक भारत का स्कोर दो विकेट पर 51 रन और चायकाल तक चार विकेट पर 192 रन था। भारत ने दोपहर के सत्र में 141 रन जोड़े और तीसरे सत्र में 45 मिनट में 54 रन जोड़ डाले। विराट ने अर्धशतक बनाने के बाद अपना विकेट गिरने के बावजूद पारी घोषित नहीं की और उन्होंने रोहित का अर्धशतक पूरा होने का इंतजार किया। जैसे ही रोहित ने अपना अर्धशतक पूरा किया विराट ने अपनी पारी घोषित करने का संकेत कर दिया।
                  
भारत ने श्रीलंका को पहली पारी में 135.3 ओवर में 373 रन पर समेटने के बाद जब अपनी दूसरी पारी शुरू की तो उसे मुरली विजय के रूप में पहला झटका जल्द ही लग गया। विजय ने पहली पारी में 155 रन बनाए थे लेकिन दूसरी पारी में वे तीसरे ओवर की पहली गेंद पर सुरंगा लकमल का शिकार बन गए। उन्होंने विकेटकीपर निरोशन डिकवेला को कैच थमा दिया। विजय ने 12 गेंदों में दो चौकों की मदद से नौ रन बनाए।
                
अजिंक्य रहाणे को बल्लेबाजी क्रम में चेतेश्वर पुजारा की जगह तीसरे नंबर पर भेजा गया। टीम के उपकप्तान रहाणे पहली पारी में एक रन पर आउट हो गए थे और दूसरी पारी में उन्हें एक अच्छा मौका मिला लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए। रहाणे ने ऑफ स्पिनर दिलरूवान परेरा की गेंद पर एक अनावश्यक लंबा शॉट खेला और लांग ऑन पर लक्षण संदकन के हाथों लपके गए। उन्होंने 37 गेंदों में दो चौकों के सहारे 10 रन बनाए।
              
लंच के बाद भारत ने अपना तीसरा विकेट पुजारा के रूप में गंवाया। पार्ट टाइम ऑफ स्पिनर धनंजय डीसिल्वा ने पुजारा को स्लिप में एंजेलो मैथ्यूज के हाथों कैच करा दिया। पुजारा मात्र एक रन से अपने अर्धशतक से दूर रह गए। भारत का तीसरा विकेट 106 के स्कोर पर गिरा। शिखर को चाइनामैन गेंदबाज़ लक्षण संदकन ने विकेटकीपर निरोशन डिकवेला के हाथों स्टम्प करा दिया। शिखर ने संदकन को बाहर निकलकर मारने की कोशिश की और लाइन चूक गए।
              
भारत का चौथा विकेट 144 के स्कोर पर गिरा। विराट और रोहित ने पांचवें विकेट के लिए 90 रन की साझेदारी की। विराट अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद लाहिरू गमागे को मारने के चक्कर में सुरंगा लकमल को कैच थमा बैठे। श्रीलंका के अधिकतर फील्डरों ने दूसरी पारी में भी मास्क लगाकर क्षेत्ररक्षण किया। भारत का पांचवां विकेट 234 के स्कोर पर गिरा और कप्तान विराट ने 246 के स्कोर पर पारी घोषित कर दी। 
 
श्रीलंका की ओर से सुरंगा लकमल, लाहिरू गमागे, दिलरूवान परेरा, धनंजय डीसिल्वा और संदकन ने एक-एक विकेट लिया। इससे पहले सुबह श्रीलंका ने नौ विकेट पर 356 रन से आगे खेलना शुरू किया और उसकी पहली पारी 377 रन पर समाप्त हुई। श्रीलंका के कप्तान दिनेश चांदीमल ने 147 रन से आगे खेलते हुए 164 रन बनाए। तेज़ गेंदबाज़ ईशांत शर्मा ने चांदीमल को शिखर के हाथों कैच कराकर श्रीलंकाई पारी 135.3 ओवर में समेट दी।
                      
चांदीमल 472 मिनट क्रीज पर रहे। उन्होंने 361 गेंदों का सामना किया और अपनी पारी में 21 चौके और एक छक्का लगाया। दूसरे छोर पर संदकण शून्य पर नाबाद पैवेलियन लौटे। भारत की ओर से ईशांत शर्मा ने 29.3 ओवर में 98 रन पर तीन विकेट, रविचंद्रन अश्विन ने 35 ओवर में 90 रन पर तीन विकेट, मेाहम्मद शमी ने 26 ओवर में 85 रन पर दो विकेट और रवींद्र जडेजा ने 45 ओवर में 86 रन पर दो विकेट लिए। (वार्ता)