शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. India-New Zealand Rajkot T20 match live updates
Written By
Last Updated : शनिवार, 4 नवंबर 2017 (23:02 IST)

राजकोट टी-20 में न्यूजीलैंड ने भारत को 40 रन से हराया

राजकोट टी-20 में न्यूजीलैंड ने भारत को 40 रन से हराया - India-New Zealand Rajkot T20 match live updates
राजकोट। भारतीय गेंदबाजी की बखिया उधेड़ने वाले सलामी बल्लेबाज कोलिन मुनरो के शानदार शतक की बदौलत न्यूजीलैंड ने भारत को दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में शनिवार को 40 रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में वापसी की। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट पर 196 रन बनाए, जिसके जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 156 रन ही बना सकी। 
 
पहला मैच हारने के बाद न्यूजीलैंड ने इस जीत के साथ श्रृंखला में 1-1 से बराबरी कर ली। तीसरा और आखिरी मैच सात नवंबर को तिरूवनंतपुरम में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड की जीत के सूत्रधार मुनरो रहे जबकि बाद में ट्रेंट बोल्ट की अगुवाई में गेंदबाजों ने भी उनका पूरा साथ दिया। बायें हाथ के बल्लेबाज मुनरो ने अपनी 58 गेंद की पारी में सात छक्के और सात चौके जड़ते हुए 109 रन बनाए जो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उनका दूसरा शतक है।
 
दक्षिण अफ्रीका में जन्में मुनरो ने पहले विकेट के लिए मार्टिन गुप्टिल के साथ 105 रन जोड़े। गुप्टिल ने 41 गेंद में 45 रन बनाए जिसमें तीन छक्के और तीन चौके शामिल थे। भारतीय गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह को छोड़कर कोई भी मुनरो पर अंकुश नहीं लगा सका। सबसे बुरा हाल तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले मोहम्मद सिराज का हुआ। उसने चार ओवर में 53 रन दे दिए और सिर्फ एक विकेट कीवी कप्तान केन विलियमसन के रूप में मिला।
 
स्पिनर युजवेंद्र चहल ने 36 रन देकर एक विकेट लिए। अक्षर पटेल भी रनगति पर अंकुश लगाने में नाकाम रहे। गुप्टिल और मुनरो ने सिराज को पहले ही ओवर में एक-एक चौका लगाया। दूसरे छोर पर पांचवें ओवर में भुवनेश्वर की जगह चहल को गेंद सौंपी गई जिसे गुप्टिल ने लांग ऑन के ऊपर दो छक्के लगाए। कीवी टीम ने पांच ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 41 रन बना लिए थे। न्यूजीलैंड टीम को तीन मैचों की वनडे श्रृंखला और पहले टी20 में परेशान करने वाले चहल ने पहले ओवर में 17 रन लुटाए।
 
सिराज को दूसरे ओवर में मुनरो ने लांग ऑन और मिडविकेट पर छक्का लगाया। सिराज ने पारी के आठवें ओवर में 16 रन दिए। सीमा रेखा के पास कैच आउट होने से बाल बाल बचे। मुनरो ने अक्षर पटेल को लगातार दो छक्के लगाकर 26 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। न्यूजीलैंड पारी के 100 रन 11वें ओवर में पूरे हो गए। चहल ने पहले विकेट की साझेदारी तोड़कर गुप्टिल को लांग ऑफ पर कैच आउट कराया।
 
सिराज ने विलियमसन (12) को आउट करके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहला विकेट लिया। उनका कैच डीप मिडविकेट में रोहित शर्मा ने लपका। मुनरो को 79 के स्कोर पर भुवनेश्वर की गेंद पर चहल ने जीवनदान दिया था, जिसका फायदा उठाकर वह नाबाद रहे।
 
भारतीय पारी की शुरुआत बेहद खराब रही और दूसरे ही ओवर में उसके दोनों सलामी बल्लेबाज पैवेलियन लौट चुके थे। उस समय स्कोर बोर्ड पर 11 ही रन टंगे थे। रोहित शर्मा पांच रन बनाकर ट्रेंट बोल्ट का शिकार हुए जबकि धवन (एक) को भी बोल्ट ने बोल्ड किया। तीसरे नंबर पर आए श्रेयस अय्यर (21 गेंद में 23 रन) ने शुरुआत अच्छी की, लेकिन उसे बड़ी पारी में नहीं बदल सके। मुनरो ने उनका रिटर्न कैच लपका।
 
भारत का चौथा विकेट दसवें ओवर में हार्दिक पंड्या के रूप में गिरा जो ईश सोढ़ी का शिकार हुए। उस समय भारत का स्कोर चार विकेट पर 67 रन था। इसके बावजूद भारत को उम्मीद बंधी हुई थी, क्योंकि मैदान पर कप्तान विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी के रूप में सबसे भरोसेमंद जोड़ी मौजूद थी। इस साझेदारी को 17वें ओवर में मिशेल सेंटनेर ने तोड़ा जब कोहली विकेट के पीछे ग्लेन फिलिप्स को कैच दे बैठे।
 
कोहली ने 42 गेंद में आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 65 रन बनाए। उनके आउट होने के समय भारत को 21 गेंद में 74 रन की जरूरत थी और मैच का परिणाम दीवार पर लिखी इबारत की तरह साफ था। धोनी ने धीमी शुरुआत के बाद 37 गेंद में 49 रन बनाए और आखिरी ओवर में बोल्ट का चौथा शिकार बने। न्यूजीलैंड के लिए बोल्ट ने चार ओवर में 34 रन देकर चार विकेट लिए। (भाषा)
ये भी पढ़ें
अयोध्या मामले पर जमात-ए-इस्लामी ने दिया यह बयान