शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Virat Kohli, Ashish Nehra, India-New Zealand T20 match
Written By
Last Modified: बुधवार, 1 नवंबर 2017 (22:54 IST)

विराट कोहली बोले, आशीष नेहरा सबसे समझदार क्रिकेटरों में से एक...

विराट कोहली बोले, आशीष नेहरा सबसे समझदार क्रिकेटरों में से एक... - Virat Kohli, Ashish Nehra, India-New Zealand T20 match
नई दिल्ली। भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने बुधवार को कहा कि वह जिन क्रिकेटरों के साथ खेले हैं, उसमें आशीष नेहरा सबसे समझदार क्रिकेटरों में से एक हैं। आज मैच से पहले नेहरा को टीम इंडिया ने शानदार विदाई दी। 
 
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 श्रृंखला का पहला मैच नेहरा के अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मैच था, जिन्होंने 1999 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना शुरु किया था। कोहली ने कहा, एक तेज गेंदबाज के लिए 19 साल तक खेलना एक महान उपलब्धि है। 
 
विराट ने कहा, मैंने जिन खिलाड़ियों के साथ खेला है, वह उनमें सबसे समझदार खिलाड़ियों में से एक हैं, वे हमेशा युवाओं की मदद के लिए तैयार रहते हैं। उन्हें पता है किस परिस्थिति में क्या करना है। उनका साथ छूटने से निराश हूं, लेकिन यह उनके घरेलू मैदान पर हो रहा।
 
फिरोजशाह कोटला को मिला 'आशीष नेहरा एंड' : दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने अपना अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज आशीष नेहरा के सम्मान में फिरोजशाह कोटला स्टेडियम के एक छोर को बुधवार को 'आशीष नेहरा एंड' का नाम दे दिया।
          
फिरोजशाह कोटला मैदान में मंगलवार को गेट नंबर दो का नाम पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग के नाम पर रखा गया था और आज कोटला के डॉक्टर अंबेडकर स्टेडियम छोर का 'आशीष नेहरा एंड' का नाम दिया गया। 
         
नेहरा ने आज अपना अंतिम मैच खेला है, जिसके बाद वे अंतराराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। भारतीय क्रिकेट में यह एक अभूतपूर्व मौका है जब एक ही स्टेडियम में दो खिलाड़ियों को सम्मान मिला है। 
 
फिरोजशाह कोटला में मना लक्षमण का जन्मदिन : भारत के पूर्व स्टाइलिश बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्‍मण का जन्मदिन बुधवार को यहां फिरोजशाह कोटला मैदान में केक काटकर मनाया गया। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टी-20 मुकाबले के दौरान लक्ष्‍मण ने मैदान पर ही बड़ा सा चॉकलेटी केक काटा। लक्ष्‍मण इस मैच में कमेंट्री कर रहे हैं।
           
केक काटने के समय लक्ष्‍मण के साथ उनके साथी हिंदी कमेंटेटर वीरेंद्र सहवाग मौजूद थे, जिन्होंने थोड़ा सा केक लक्ष्‍मण के चेहरे पर भी लगा दिया। लक्ष्‍मण ने भारतीय ड्रेसिंग रूम में कई बार अपने जन्मदिन का केक काटा होगा, लेकिन मैदान पर उनके लिए जन्मदिन केक काटने का यह एक अलग ही मौका था। (एजेंसियां) 
ये भी पढ़ें
भारत ने आशीष नेहरा को दिया जीत का विदाई तोहफा