• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. TATA SONS
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , शुक्रवार, 28 अक्टूबर 2016 (11:01 IST)

टाटा समूह : शेयर बाजारों को कंपनियों की सभी जानकारी दी

टाटा समूह : शेयर बाजारों को कंपनियों की सभी जानकारी दी - TATA SONS
नई दिल्ली। टाटा संस के चेयरमैन पद से हटाए गए साइरस मिस्त्री के टाटा स्टील और इंडिया होटल्स के बारे में किए गए खुलासे के बाद इन कंपनियों ने कहा है कि उन्होंने समय- समय पर सभी जरूरी जानकारी शेयर बाजार को उपलब्ध कराई है और अभी उनके पास कहने के लिए कुछ नहीं है।
 
साइरस मिस्त्री ने कहा कि टाटा समूह की कुछ घाटे में चल रही कंपनियों के चलते समूह की 18 अरब डॉलर की सम्पत्ति बट्टे खाते में जा सकती है। बंबई शेयर बाजार को भेजी जानकारी में टाटा समूह की कंपनियों टाटा स्टील और इंडियन होटल्स ने कहा है कि कंपनियों के वित्तीय लेखजोखे एक कामकाजी कंपनी के तौर पर तैयार किए जाते हैं जिनमें कंपनी के बारे में सही और उचित तस्वीर पेश की जाती है। 
 
वित्तीय लेखाजोखा तैयार करते समय कंपनियों की इस्तेमाल में आने वाली परिसंपत्तियों का मूल्यांकन लेखा मानकों के अनुरूप बट्टे खाते में डालने के लिए परीक्षण किया जाता है। कंपनियों की तरफ से यह टिप्पणियां टाटा- मिस्त्री मामला सामने आने के बाद आए हैं। मिस्त्री के खुलासे के बाद शेयर बाजारों ने कंपनियों से स्पष्टीकरण मांगना शुरू किया है। 
 
शेयर बाजारों ने टाटा स्टीलन और टाटा पॉवर सहित समूह की विभिन्न कंपनियों से स्पष्टीकरण मांगे हैं। मिस्त्री ने कहा है कि समूह की कंपनियों की संपत्तियों का मूल्य घटने की वजह से 18 अरब डालर की संपत्तियों का आकलन कम होने की संभावना है जिसे बट्टे खाते में डाला जा सकता है।
 
टाटा समूह की कंपनी इंडियन होटल्स ने कहा है कि कंपनी के वित्तीय लेखे जोखे पर हमारी लेखा परीक्षा समिति ने विचार किया है और इसे कंपनी के निदेशक मंडल और चेयरमैन ने आम सहमति से मंजूरी दी है। इससे आगे कंपनी के पास कहने के लिए कुछ नहीं है।(भाषा)