शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. पेट्रोल डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी, जानिए 4 महानगरों में क्या रहे भाव
Written By
Last Updated : बुधवार, 13 जनवरी 2021 (09:08 IST)

पेट्रोल डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी, जानिए 4 महानगरों में क्या रहे भाव

Petrol diesel | पेट्रोल डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी, जानिए 4 महानगरों में क्या रहे भाव
नई दिल्ली। सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने 5 दिन की शांति के बाद बुधवार को पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोतरी की जिससे वाणिज्यिक नगरी मुंबई में पेट्रोल का दाम 91 रुपए प्रति लीटर के पार निकल गया और यहां रिकॉर्ड भाव से मात्र 27 पैसे नीचे है। मुंबई में बुधवार को पेट्रोल 91.07 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है, जो 4 अक्टूबर 2018 के रिकॉर्ड भाव 91.34 रुपए से मात्र 27 पैसे कम है।
तेल कंपनियों ने 29 दिन तक कीमतें स्थिर रहने के बाद दोनों ईंधनों के दामों में 6 और 7 जनवरी को बढ़ोतरी की थी और इसके बाद 5 दिन कीमतें स्थिर थीं। 6 और 7 जनवरी को पेट्रोल के भाव में कुल 49 पैसे प्रति जबकि डीजल 51 पैसे महंगा हुआ था।
 
बुधवार को राजधानी में पेट्रोल और डीजल के भाव में 25-25 पैसे प्रति लीटर बढ़ोतरी हुई है। इसके बाद बुधवार को दिल्ली में पेट्रोल नए रिकॉर्ड स्तर 84.45 रुपए पर पहुंच गया। डीजल 74.63 रुपए प्रति लीटर हो गया। 7 जनवरी को दिल्ली में पेट्रोल की कीमत रिकॉर्ड 84.20 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गई थी। इससे पहले 4 अक्टूबर 2018 को राजधानी में पेट्रोल के दाम 84 रुपए प्रति लीटर के रिकॉर्ड स्तर पर रहे थे।
 
अंतरराष्ट्रीय बाजार में नए वर्ष में कच्चे तेल के दाम में मजबूती का रुख है। तेल निर्यातक देशों का संगठन (ओपेक) मार्च में भी उत्पादन कटौती जारी रखने पर सहमत हो गया है जिससे कीमतों को बल मिला है। बुधवार को दिल्ली में पेट्रोल 84.45 रुपए और डीजल 74.63 रुपए प्रति लीटर पर तथा मुंबई में पेट्रोल 91.07 रुपए लीटर और डीजल 81.34 रुपए लीटर तक पहुंच गया है। इसी प्रकार कोलकाता में 85.92 पेट्रोल रुपए और डीजल 78.22 रुपए लीटर तथा चेन्नई में पेट्रोल 87.18 रुपए और डीजल 79.95 रुपए लीटर तक पहुंच गया है।
 
बुधवार को देश के 4 बड़े महानगरों में पेट्रोल-डीजल के दाम इस प्रकार रहे...
 
पेट्रोल डीजल
 
दिल्ली 84.45 74.63
 
मुंबई 91.07 81.34
 
चेन्नई 87.18 79.95
 
कोलकाता 85.92 78.22। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
मुंबई हवाई अड्डे से Covishield के टीके का परिवहन शुरू, गोवा भेजे गए 2,400 टीके