शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Gold, Silver
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 24 मार्च 2017 (17:58 IST)

जेवराती मांग से सोना चमका

जेवराती मांग से सोना चमका - Gold, Silver
नई दिल्ली। जेवराती मांग निकलने से शुक्रवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 350 रुपए की छलांग लगाकर 29,350 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वैश्विक तेजी से बल पाकर चांदी भी 125 रुपए सुधरकर 41,375 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। गत दिवस दोनों कीमती धातुओं में गिरावट रही थी। 
 
अंतरराष्ट्रीय सर्राफा बाजार में सोने में गिरावट रही जबकि चांदी में मामूली तेजी देखी गई। लंदन में सोना हाजिर 2.55 डॉलर फिसलकर 1,242.85 डॉलर प्रति औंस बोला गया। अप्रैल का अमेरिकी सोना वायदा भी 4.4 डॉलर की गिरावट में 1,242.8 डॉलर प्रति औंस पर रहा।
 
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमेरिकी संसद में हेल्थकेयर विधेयक पर वोटिंग से पहले डॉलर के मजबूत होने से पीली धातु पर दबाव रहा। यदि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस विधेयक को पारित कराने में मुश्किल आती है तो कर घटाने और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को बढ़ावा देने की उनकी योजना को धक्का लग सकता है। 
 
डॉलर के मजबूत होने से अन्य मुद्राओं वाले देशों के लिए सोने का आयात महंगा होने से उसकी मांग घटी है जिससे इसके भाव में गिरावट देखी गई। लंदन में चांदी हाजिर 0.01 डॉलर की तेजी के साथ 17.57 डॉलर प्रति औंस पर रही।
 
स्थानीय बाजार में सोने की जेवराती मांग शुक्रवार को बढ़ी है। इससे सोना स्टैंडर्ड 350 रुपए की छलांग लगाकर 29,350 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 29,200 रुपए प्रति 10 ग्राम बोला गया। 8 ग्राम वाली गिन्नी में 100 रुपए की तेजी रही और यह 24,400 रुपए के भाव बिकी।
 
वैश्विक समर्थन और सिक्का निर्माताओं की ओर से मांग में मामूली सुधार से चांदी हाजिर 125 रुपए चढ़कर 41,375 रुपए प्रति किलोग्राम पर और चांदी वायदा 60 रुपए उछलकर 41,260 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। ग्राहकी मजबूत रहने से सिक्का लिवाली और बिकवाली 2-2 हजार रुपए चमककर क्रमश: 72,000 और 73,000 रुपए प्रति सैकड़ा बोले गए। 
 
कारोबारियों ने बताया कि सोने के दाम बढ़ने के पीछे मुख्य कारण आभूषण निर्माताओं द्वारा की गई खरीद है जबकि चांदी की मांग सिक्का निर्माताओं से आई है। चांदी की औद्योगिक मांग सुस्त बने रहने से इसकी तेजी सीमित रही। (वार्ता)