• Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. नन्ही दुनिया
  3. कविता
  4. poem on summer days

मनोरंजक बाल कविता : गरमी की छुट्टी का मतलब

मनोरंजक बाल कविता : गरमी की छुट्टी का मतलब - poem on summer days
गरमी की छुट्टी का मतलब,
नाना-नानी के घर जाना।


 
बिना किसी आवेदन के ही,
उधम का परमिट मिल जाना।
 
गरमी की छुट्टी का मतलब,
बस्ते से छुट्टी पा जाना।
सोफे पर, बिस्तर पर दिनभर,
धमा-चौकड़ी, शोर मचाना।
 
गरमी की छुट्टी का मतलब,
ठंडी लस्सी, कुल्फी खाना।
आइसक्रीम के कोन गटककर,
मस्ती करना, मौज उड़ाना।
 
गरमी की छुट्टी का मतलब,
शाम ढले होटल में जाना।
अनानास के ठंडे रस का,
पापा से ऑर्डर करवाना।
 
गरमी की छुट्टी का मतलब,
पके आम कई चट कर जाना।
खरबूजों, अंगूर, संतरों,
तरबूजों पर रंग जमाना।
 
गरमी की छुट्टी का मतलब,
लैप-टेब में ही रम जाना।
कार्टून फिल्मों से होना,
पक्का और सच्चा याराना।
 
गरमी की छुट्टी का मतलब,
मिलना खुशियोंभरा खजाना।
एसी के कूलर के कमरे,
में मस्ताना धूम मचाना।

 
ये भी पढ़ें
एक नई सुबह के लिए देर रात चला सरकारी जश्न