• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Kim Jong un, ko Song Suk, North Korea, America
Written By
Last Modified: रविवार, 29 मई 2016 (22:46 IST)

सनकी तानाशाह किम जोंग के खुले कई अनसुने राज

सनकी तानाशाह किम जोंग के खुले कई अनसुने राज - Kim Jong un, ko Song Suk, North Korea, America
एक तरफ उत्तर कोरिया का तानाशाह आए दिन अमेरिका को धमकाता है, उसे मिटाने की धमकी देता है तो वहीं, उसकी मौसी को सोंग सूक न्यूयॉर्क से कुछ घंटे की दूरी पर गुपचुप जिंदगी बिता रही हैं। वह यहां अपने पति के साथ मिलकर ड्राई क्लीनिंग का काम कर आम लोगों की तरह जीवन बिता रही हैं। 18 साल पहले अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए की मदद से अमेरिका पहुंचने वाली सूक तानाशाह किम जोंग उन की मां की बहन हैं। शायद इस राज से अब तक खुद किम जोंग भी अनजान रहा होगा। अब 60 साल की हो चुकीं किम की अमेरिकन मौसी ने उसके बारे में कई राज खोले हैं।
अमेरिका में नाम बदलकर रह रहीं किम जोंग की मौसी के बारे में ये खुलासा वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट में बताया गया है कि 18 साल से अमेरिका में छिपी तानाशाह की मौसी सूक उत्तर कोरिया के पूर्व तानाशाह किम जोंग इल की तीसरी पत्नी और किम जोंग उन की मां को योंग हई की बहन हैं।
 
वो अपने पति री गैंग और तीन बच्चों के साथ न्यूयॉर्क में नाम बदलकर रहती हैं। इन लोगों ने 1998 में ही उत्तर कोरिया छोड़ दिया था। इसके बाद से सूक न्यूयॉर्क में ड्राई क्लीनिंग का बिजनेस करती हैं। तीनों बच्चे अमेरिका में पढ़ाई पूरी करने के बाद से यहीं नौकरी कर रहे हैं। ये परिवार जिस घर में रहता है वो अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए की मदद से खरीदा गया है।
 
रिपोर्ट में ये नहीं बताया गया है कि ये दंपति अमेरिका में किस नाम से रह रहा है। और न ही इस परिवार ने अपनी तस्वीर मीडिया में जाहिर की हैं। इसकी बड़ी वजह ये है कि ये परिवार नहीं चाहता कि उत्तर कोरियाई जानकर अमेरिकी लोग उन्हें दुश्मन की नजर से देखें। क्योंकि इससे उनके बच्चों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।
 
एक तरफ तानाशाह हाइड्रोजन बम से न्यूयॉर्क का नामोनिशान मिटाने की धमकी देता रहा है, उसी जगह पर उसकी मौसी अपने परिवार के साथ शांति से रह रही हैं। उनका मानना है उन्होंने यहां अमेरिकन ड्रीम हासिल कर लिया है। किम जोंग उन की मौसी को योंग सूक के मुताबिक, मेरे दोस्त यहां मुझसे कहते हैं कि मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे सब कुछ मिल गया। मेरे बच्चे बड़े स्कूलों में गए और वो आज कामयाब हैं। मेरे पति हर मुश्किल का हल निकाल देते हैं। यहां हमें किसी का डर नहीं है।
 
एकदम किम जोंग उन की मां को योंग हई की तरह दिखने वाली सूक कभी उत्तर कोरिया के शाही परिवार की सदस्य थीं जो कि आज अमेरिका का सबसे बड़ा दुश्मन माना जाता है। दरअसल, सूक और उनके पति री गैंग को उस वक्त स्विटजरलैंड भेज दिया गया था। जब किम जोंग उन स्विट्जरलैंड में पढ़ाई कर रहा था। उन्हें वहां उसकी देखभाल के लिए भेजा गया था।
 
तानाशाह की मौसी की मानें तो वह समस्या पैदा करने वाला नहीं था, लेकिन वह तुनकमिजाज था और उसमें बर्दाश्‍त करने की क्षमता की कमी थी। ज्यादा खेलने और पढ़ाई नहीं करने के लिए जब मां डांटती थी तो वह खाना-पीना छोड़ देता था। सूक ने ये भी खुलासा किया कि किम का जन्म 1984 में हुआ था। क्योंकि उसी साल मेरा बेटा भी पैदा हुआ था। वो और मेरा बेटा बचपन में साथ खेलते थे। मैंने दोनों के डायपर बदले हैं।
 
अक्टूबर 2010 तक दुनिया को नहीं पता था कि उत्तर कोरिया का अगला तानाशाह कौन होगा? दरअसल, इसी साल किम जोंग उन के पिता ने उसे अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था। लेकिन सूक की मानें तो किम जोंग उन की ये बात 1992 में ही पता चल गई जब उसकी उम्र महज आठ साल की थी।
 
किम 1992 से जानता था कि एक दिन वो देश का अगला नेता होगा। इसके संकेत उसके आठवें जन्मदिन पर तब मिले जब उसे वर्दी और सेना का शीर्ष मेडल दिया गया। इस मौके पर वर्दी में मौजूद देश के सभी बड़े सैन्य अधिकारियों ने उसके सामने सिर झुकाया था। और इसके बाद से वो हमेशा उसे सम्मान देने लगे।
 
तानाशाह की मौसी का कहना है कि किम जोंग उन के लिए ये नामुमकिन था कि वो एक आम इंसान की तरह बड़ा हो क्योंकि उसके आसपास मौजूद लोग उसे बड़ा आदमी मानने लगे थे। लेकिन जैसे-जैसे किम बड़ा हो रहा था, उसका सनक मिजाज भी बदल रहा था। 1998 में जब किम की उम्र 14 साल की थी, तभी उसकी मौसी ने अपने परिवार के साथ देश छोड़ने का फैसला कर लिया।
 
किम की मां कैंसर से पीड़ित थीं, लेकिन दुनिया से अलग-थलग रहने की वजह से उत्तर कोरिया के शाही परिवार ने उनका इलाज अमेरिका में नहीं करवाया। हालांकि उनकी मौत 2004 में हुई, लेकिन किम की मौसी को ये लगने लगा था कि अब उनका शाही परिवार से रिश्ता रखना ठीक नहीं होगा।
इतिहास में आप कई बार देखते हैं कि जो लोग शक्तिशाली लोगों के करीब होते हैं वो ना चाहते हुए भी दूसरों की वजह से मुश्किलों में घिर जाते हैं। मैंने सोचा कि ये बेहतर होगा कि हम इस तरह की परेशानी से पहले ही बचकर निकल जाएं। 
 
को योंग हई एक महत्वाकांक्षी महिला थी। वो चाहती थी कि उसके बेटे तरक्की पाएं और इस तरह से उसने अपने दुश्मन बना लिए थे। अगर उसकी बहन या बहनोई होते तो आपको हमेशा डर लगा रहता। कोई भी आसानी से आपको गायब कर सकता था।
तानाशाह की मौसी का ये डर वाजिब भी था क्योंकि 2013 में किम जोंग उन ने अपने चाचा को मरवा दिया था। शायद तानाशाह की मौसी ने भी इस खतरे को भांप लिया था। 
 
इसलिए 1998 में एक दिन अचानक वो बर्न में अपने पति और तीनों बच्चों के साथ एक टैक्सी में सवार होकर अमेरिकी दूतावास पहुंच गईं और उत्तर कोरियाई डिप्लोमैट बनकर अमेरिका में शरण मांगी। काफी दिनों की पड़ताल और मुश्किलों के बाद आखिरकार उन्हें अमेरिका ने अपने यहां पनाह दे दी। कई साल गुमनामी में गुजारने के बाद आज भी उत्तर कोरिया जाने की टीस उनके मन में उठती है।
 
उनके पति का कहना है कि मेरा आखिरी लक्ष्य यही है कि मैं वापस उत्तर कोरिया जाऊं। मैं अमेरिका को समझता और उत्तर कोरिया को भी। इसलिए मुझे लगता है कि मैं दोनों देशों के बीच मध्यस्थता कर सकता हूं। अगर किम जोंग उन आज भी वही है जिसे मैंने बरसों पहले देखा था तो मैं उससे मिलूंगा और बात भी करूंगा।
 
लेकिन अब सूक के पति की ये उम्मीदें बेकार हैं क्योंकि किम अब बच्चा नहीं क्रूर तानाशाह बन चुका है जो अपने रास्ते में आने वाले हर शख्स को कभी भी मौत के घाट उतार सकता है। खासकर अमेरिका से रिश्ते रखने वालों को वो कभी नहीं बख्शेगा चाहे फिर वो उसके खानदान से क्यों न जुड़ा हो।