शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. IS, ISIS, terrorism
Written By
Last Modified: बेरुत , रविवार, 17 जनवरी 2016 (23:40 IST)

IS ने 400 लोगों को किया अगवा, नरसंहार का डर

IS ने 400 लोगों को किया अगवा, नरसंहार का डर - IS, ISIS, terrorism
बेरुत। अपनी बर्बरता के लिए कुख्यात अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट ने सीरिया के दिर अल जोर शहर में 400 नागरिकों को अगवा कर लिया।
एक निगरानी संस्था सीरियन आब्जर्वेटरी फोर ह्यूमैन राइट्स ने रविवार को कहा कि आईएस ने दिर अल जोर शहर में सरकार के कब्जे वाले इलाकों में हमला करके 400 नागरिकों को अगवा कर लिया। इनमें सरकार समर्थक लड़ाकों के परिवार भी शामिल है। 
 
संस्था के प्रमुख रामी अब्दुल रहमान ने कहा, उनकी जिंदगी खतरे में है। इस बात का डर है कि आतंकवादी उनकी हत्या कर सकते हैं, जैसा कि उन्होंने पहले भी अन्य इलाकों में किया है। दिर अल जोर इसी नाम के प्रांत का मुख्य शहर है। यह प्रांत सीरिया के राक्का शहर में आईएस की स्वघोषित राजधानी को पड़ोसी मुल्क इराक में उसके कब्जे वाले इलाके से जोड़ता है।
 
सीरिया की सरकारी संवाद समिति सना ने कहा था कि दिर अल जोर में हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 300 लोग मारे गए लेकिन उसने अगवा लोगों का जिक्र नहीं किया।
 
सीरियाई सरकार ने दिर अल जोर के बेगायलिया में लोगों की हत्या करने को ‘भयंकर नरसंहार’ बताया है। सरकार से जुड़े एक सूत्र ने कल कहा था कि मारे गए लोगों में से कुछ के सिर कलम कर दिए गए हैं।
 
आईएस सीरिया और इराक में पहले भी लोगों की निर्मम हत्याएं करता रहा है। उसने राक्का प्रांत में ताब्का हवाई अड्डे  से बंधक बनाए गए 200 सैनिकों की हत्या कर दी थी और वर्ष 2014 में दिर अल जोर में अल शितात जनजाति के सैकड़ों सदस्यों को भी मौत के घाट उतार दिया था।
 
इस शहर में लोग काफी खराब परिस्थितियों में रह रहे हैं और भुखमरी का सामना भी कर रहे हैं। अगवा किए गए लोगों में 70 प्रतिशत महिलाएं और बच्चे हैं और कई लोगों को अपने घरों को छोड़ना पड़ा तथा वे अस्थायी शिविरों में रह रहे हैं। (वार्ता)