शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. International News, Pakistan, SAARC
Written By
Last Updated : शनिवार, 1 अक्टूबर 2016 (01:48 IST)

पाकिस्तान 'बैकफुट' पर, सार्क सम्मेलन स्थगित

पाकिस्तान 'बैकफुट' पर, सार्क सम्मेलन स्थगित - International News, Pakistan, SAARC
इस्लामाबाद। भारतीय सेना की सीमित कार्रवाई के कारण शर्मिंदगी झेलने के एक दिन बाद पाकिस्तान ने नवंबर में यहां होने वाले दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संघ (दक्षेस) की शिखर बैठक आखिरकार आज स्थगित कर दी।      
         
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि शिखर बैठक के लिए नयी तारीखों की घोषणा जल्द ही की जाएगी। बयान में बैठक को स्थगित कराने के लिए भारत पर आरोप लगाते हुए कहा गया है कि भारत का निर्णय क्षेत्र में गरीबी से लड़ने के भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के विपरीत है।      
            
भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने कहा, 'हमें पाकिस्तान के दक्षेस शिखर बैठक को स्थगित करने के निर्णय का पता चला। उन्हें आतंकवाद के खिलाफ क्षेत्रीय भावना को स्वीकार करने के लिए मजबूर होना पड़ा।'  
               
पाकिस्तान का यह फैसला भारत समेत दक्षेस के पांच सदस्य देशों के शिखर बैठक में हिस्सा नहीं लेने की घोषणा के बाद आया है। नेपाल और मालदीव के अलावा दक्षेस के सभी सदस्य देशों भारत, बांग्लादेश, भूटान, अफगानिस्तान और श्रीलंका ने पाकिस्तान पर ऐसा माहौल बनाने का आरोप लगाया है, जो शिखर बैठक के सफल संचालन के अनुकूल नहीं है। इन सभी देशों ने शिखर बैठक में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया है।      
                
भारत ने इस बैठक में हिस्सा नहीं लेने का निर्णय सबसे पहले लिया था। भारत ने जम्मू-कश्मीर के उरी में हुए आतंकवादी हमले के बाद इस सम्मेलन में नहीं जाने की सबसे पहले घोषणा की थी। इस समय नेपाल दक्षेस का अध्यक्ष है। वर्तमान नियमों के अनुसार एक भी देश यदि सम्मेलन में शामिल नहीं होता है तो शिखर बैठक स्थगित कर दी जाती है।  वर्ष 1985 में गठित दक्षेस के सदस्य देशों में अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, भारत, मालदीव, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका शामिल है। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
नवाज शरीफ की तरह कायर नहीं है हर पाकिस्तानी, मोदी से बोले इमरान...