शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Hillary Clinton attacks Trump
Written By
Last Modified: वॉशिंगटन , गुरुवार, 27 अक्टूबर 2016 (11:12 IST)

अमेरिकी अर्थव्यवस्था की हर गड़बड़ का प्रतीक हैं ट्रंप : हिलेरी

अमेरिकी अर्थव्यवस्था की हर गड़बड़ का प्रतीक हैं ट्रंप : हिलेरी - Hillary Clinton attacks Trump
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति पद की डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन ने कहा है कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था में जो भी गड़बड़ी है, डोनाल्ड ट्रंप उसके पोस्टर ब्वॉय हैं।
 
हिलेरी की यह टिप्पणी ऐसे समय पर आई है, जब रिपब्लिकन उम्मीदवार ट्रंप ने वॉशिंगटन में अपने नए होटल का प्रचार करने के लिए चुनावी प्रचार अभियान से अवकाश लिया है। ट्रंप के इस होटल को कम बजट का और समय से पहले तैयार हुआ बताया गया है, हालांकि इसके बारे में पूरे आंकड़े नहीं जारी किए गए।
 
हिलेरी ने बुधवार को फ्लोरिडा राज्य के टैम्पा में समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि इस अभियान में हमने वास्तव में यह जाना है कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था में जो कुछ भी गड़बड़ है, ट्रंप उसके पोस्टर ब्वॉय हैं। 
 
उन्होंने कहा कि अटलांटिक सिटी से मियामी और लॉस वेगास तक के कर्मचारियों और ठेकेदारों को उन्होंने वेतन देने से इंकार किया। वे छोटे कारोबारों पर सख्ती करते हैं। मैं ऐसे बहुत से लोगों से मिली हूं जिन्होंने डोनाल्ड ट्रंप के लिए काम किया लेकिन उन्हें भुगतान नहीं किया गया। 
 
उन्होंने कहा कि गुरुवार को उस होटल के उद्घाटन में मुझे लगता है कि इस बात पर गौर करना सबसे महत्वपूर्ण होगा कि वे एक बार फिर बिना दस्तावेजों वाले कर्मचारियों पर निर्भर रहे हैं। ये वही लोग हैं जिन्हें उनके पूरे प्रचार अभियान के दौरान अपमानित किया जाता रहा और उनका हौवा बनाया जाता रहा है। हिलेरी ने कहा कि होटल के कई उत्पाद अमेरिका के बजाए विदेशों में बने हैं। 
 
उन्होंने कहा कि ट्रंप ने कम करों का भुगतान करने के लिए कोलंबिया डिस्ट्रिक्ट पर मुकदमा भी किया था। वे इसी तरीके से कारोबार करते हैं। हिलेरी ने कहा कि अमेरिकी जनता ओवल कार्यालय में इस तरह के अनुभव नहीं चाहती है।
 
हिलेरी ने अमेरिकी सेना पर ट्रंप द्वारा की गई टिप्पणियों को लेकर उन पर निशाना साधते हुए कहा कि इस दिशा में उनका (ट्रंप का) खुद का योगदान शून्य है। उन्होंने असल में हमारी सेना को विफल बताने की ढिठाई की है। वे गलत तो हैं ही लेकिन उनके पास ऐसी बात करने का अधिकार भी क्या है? उन्होंने हमारी सेना के लिए एक सिक्के तक का योगदान नहीं दिया है। हमारे पूर्व सैनिकों को कोई मदद नहीं दी, स्वास्थ्य सेवा या शिक्षा के लिए कुछ सहायता नहीं दी। राजमार्गों या अवसंरचना के लिए कुछ नहीं किया। हमारे देश की सभी समस्याओं के बारे में वे इस तरह के झूठे आरोप लगाते हैं। 
 
हिलेरी ने आरोप लगाया कि ट्रंप दशकों से अमेरिका की आलोचना करते रहे हैं। इस सबकी शुरुआत राष्ट्रपति बराक ओबामा के जन्म के बारे में उनके द्वारा बोले गए झूठ से नहीं हुई, यह मेरे खिलाफ चुनावी दौड़ में शामिल होने से भी नहीं शुरू हुआ बल्कि वर्ष 1987 में उन्होंने तत्कालीन राष्ट्रपति रीगन की आलोचना करते हुए 'न्यूयॉर्क टाइम्स' में 1 लाख डॉलर खर्च करके एक विज्ञापन निकाला था। हमारे नेता दुनियाभर में हंसी के पात्र हैं। यह इंसान अपने अलावा हर किसी की आलोचना करता है। (भाषा)
ये भी पढ़ें
अफगानिस्तान में अल कायदा आतंकियों पर ड्रोन हमले