शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. साहित्य
  3. हिन्दी दिवस
  4. Hindi Diwas

हिन्दी दिवस विशेष: हिन्दी में प्राकृत का योगदान

हिन्दी दिवस विशेष: हिन्दी में प्राकृत का योगदान - Hindi Diwas
आधुनिक भारतीय आर्य भाषाओं में हिन्दी का प्रमुख स्थान है। यह लगभग 1,500 वर्ष पुरानी भाषा है। भारत की बहुसंख्यक आबादी द्वारा हिन्दी बोली, लिखी, पढ़ी और समझी जाती है। देश के विभिन्न भागों और भाषाओं की संपर्क भाषा होने के कारण हिन्दी में विभिन्न भाषाओं के शब्द भी सम्मिलित हो गए या कर लिए गए हैं। अपनी ग्रहणशीलता, उदारता, सरलता और विकासशीलता के कारण हिन्दी निरंतर समृद्ध हुई और हो रही है।


 
प्राकृत का उत्तरवर्ती तथा हिन्दी का पूर्ववर्ती स्वरूप अपभ्रंश है। प्राकृत और हिन्दी का संबंध प्रत्यक्ष भी जुड़ता है और अपभ्रंश के माध्यम से भी जुड़ता है। हिन्दी के पूर्व रूप हमें संस्कृत, विभिन्न प्राकृत भाषाओं एवं अपभ्रंश में देखने को मिलते हैं। हिन्दी के आदिकाल के प्रथम और द्वितीय चरण को क्रमश: 'प्राकृत-युग' और 'अपभ्रंश-युग' कहा जा सकता है।
 
हिन्दी में जिस प्रकार संस्कृत शब्दों की प्रचुरता है, उसी प्रकार प्राकृत और अपभ्रंश के शब्दों की भी भरमार है। हिन्दी के पोषण में संस्कृत की तरह प्राकृत की भूमिका भी है। हिन्दी भाषा और साहित्य के विकास को जानने के लिए संस्कृत भाषा और साहित्य की तरह प्राकृत भाषा और साहित्य का अध्ययन भी आवश्यक है। 
 
जन-जन की बोली होने की वजह से प्राकृत अपना निरंतर विकास करती रही। यह राष्ट्र के प्रत्येक भाग व उसके विकास से जुड़ी रही। प्राकृत के विकास के साथ-साथ प्राकृत साहित्य का विकास भी होता रहा। वर्तमान में उपलब्ध प्राकृत साहित्य अपने परिमाण, विषय और विषयवस्तु हर दृष्टि से समृद्ध है। इसमें भारतीय वाङ्मय के सभी विषयों का साहित्य लिखा गया। आयुर्वेद, वास्तु, ज्योतिष, राजनीति, योगशास्त्र, व्याकरण, गणित, पुराण, चरित, कथा, काव्य आदि अनेक विषयों में लिखे ग्रंथ प्राकृत में उपलब्ध होते हैं। इन सभी विषयों का हिन्दी साहित्य प्राकृत से प्रभावित रहा। 
 
प्राकृत का आशय किसी जाति, स्थान या काल विशेष की भाषा से नहीं, अपितु विशाल भारतवर्ष के प्राणों में स्पंदित होने वाली उन बोलियों के समूह से है, जो ईस्वी पूर्व लगभग 6ठी या 5वीं शताब्दी से लेकर ईसा की 14वीं शताब्दी तक यानी लगभग 2,000 वर्षों तक भाषा के रूप में प्रतिष्ठित रहीं।
 
समय और स्थान के अनुसार प्राकृत ने अपने आपको ढाल लिया, फलत: कुछ परिवर्तित विशेषताओं के साथ प्राकृत भाषाएं अलग-अलग नामों से पहचानी जाने लगीं, जैसे पालि, अर्द्धमागधी, मागधी, शौरसेनी, महाराष्ट्री, पैशाची आदि। कुछ भिन्नताओं के बावजूद प्राकृत की मौलिक विशेषताएं और आंतरिक समरूपताएं कायम रहीं इसलिए सभी प्रकार की प्राकृत भाषाओं का 'प्राकृत' शब्द में समावेश कर लिया जाता है। यह प्रवृत्ति हिन्दी में भी विद्यमान है। 
 
प्राकृत देश के बड़े भू-भाग की जनभाषा थी, इसलिए उसकी क्षेत्रीय विविधता बहुत थी। यही स्थिति हिन्दी की है। बड़े भू-भाग की भाषा होने की वजह से हिन्दी में क्षेत्रीय विविधताएं नजर आती हैं। हिन्दी के गठन और निर्माण में विभिन्न प्राकृत भाषाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यही वजह है कि वर्तमान में हिन्दी की अपनी अनेक बोलियां, मातृभाषाएं, भाषिक रूप तथा साहित्यिक विभाषाएं हैं। इन सबके बावजूद हिन्दी एक है तथा हिन्दी की समरूपताएं और विशेषताएं पूरी तरह से कायम हैं। 
 
प्राकृत में विभिन्न भाषाओं के साथ संतुलन और समन्वय प्रवृत्तियां रहीं। प्राकृत ने भाषाओं को जोड़ा, लोगों को जोड़ा और देश को जोड़ा। हिन्दी सहित सभी भारतीय भाषाओं के विकास में प्राकृत का बुनियादी योगदान है। हिन्दी साहित्य की विभिन्न विधाओं को भी प्राकृत और अपभ्रंश के साहित्य ने पुष्ट और प्रभावित किया है। इससे राष्ट्रीय एकता में प्राकृत का योगदान परिलक्षित होता है। प्राकृत की यह समन्वय-प्रधान विरासत हिन्दी को भी मिली। 
 
जिस प्रकार 2,500 वर्ष पूर्व प्राकृत सांस्कृतिक और आध्यात्मिक नवजागरण की भाषा बनी थी उसी प्रकार प्राकृत और संस्कृत के संस्कार लेकर निर्मित हिन्दी भी 13वीं सदी से लेकर आज तक सांस्कृतिक नवजागरण की भाषा बनी हुई है। भक्तिकाल में हिन्दी ने पूरे देश को एक सूत्र में बांधकर भारत को सांस्कृतिक और भावनात्मक रूप से सुगठित और समृद्ध किया।
 
हिन्दी ने प्राकृत के अलावा अन्य अनेक भाषाओं से अपना शब्द भंडार ग्रहण किया है। यह हिन्दी का सर्व-समावेशी चरित्र है, जो हिन्दी को प्राकृत से विरासत में मिला है। प्राकृत और हिन्दी के शब्द भंडार में अनेक क्षेत्रों और संस्कृतियों के शब्द विद्यमान हैं। प्राकृत और हिन्दी में बुनियादी रिश्ता है। स्वभावत: यह रिश्ता बहुत गहरा और अटूट है। प्राकृत का ज्ञान होने पर हिन्दी की समझ बढ़ती है। प्राकृत के हजारों शब्द ज्यों-के-त्यों अथवा थोड़े-बहुत परिवर्तन के साथ हिन्दी में प्रयुक्त किए जाते हैं। 
 
मध्ययुगीन अनेक कवियों ने अपने हिन्दी काव्यों में प्राकृत के शब्दों का मुक्त रूप से प्रयोग किया है। ऐसा करके उन्होंने हिन्दी की संप्रेषणीयता बढ़ाई। हिन्दी में प्राकृत के शब्द ही नहीं, अपितु बहुत सारी प्राकृत की क्रियाएं भी ग्रहण की गई हैं। शब्द और धातुओं के अतिरिक्त प्राकृत की अन्य प्रवृत्तियां भी हिन्दी में स्वीकार की गई हैं। 
 
जैसे संस्कृत में तीन वचन होते हैं, लेकिन प्राकृत में दो वचन ही होते हैं। हिन्दी में भी दो वचन ही होते हैं। दो वचन होने से अभिव्यक्ति अपेक्षाकृत अधिक सुविधाजनक और सरलतर होती है। इसके अलावा हिन्दी ने नपुंसक लिंग का त्याग करके संस्कृत से भिन्न एक नई प्रवृत्ति का वरण किया है। इस प्रवृत्ति को 'प्राकृतीकरण' कहा जा सकता है।
 
प्राकृत में शब्द, स्वर, संयुक्त व्यंजन आदि में अनेक प्रकार की सरलीकरण की प्रवृत्तियां पाई जाती हैं। प्राकृत की उदारता और सरलीकरण की प्रवृत्तियों को हिन्दी में व्यापक रूप से अपनाया गया है। प्राकृत और अपभ्रंश के अनेक उपसर्ग और प्रत्यय हिन्दी में यथावत अथवा कुछ परिवर्तन के साथ प्रयोग किए जाते हैं। सरलीकरण की प्रवृत्तियां अपनाने से हिन्दी सरल, सुबोध और सुगम हो गई तथा जन-जन की भाषा बन गई। भाषा की उदारता से संस्कृति की सुरक्षा भी होती है। प्राकृत भाषा इस क्षेत्र में अग्रणी रही। उसका प्रभाव आज भी हिन्दी तथा अन्य भारतीय भाषाओं में देखा जाता है। 
 
स्पष्ट है कि प्राकृत हिन्दी की पोशक भाषा रही है। वर्तमान में प्राकृत भाषा के शिक्षण के साथ भी हिन्दी का विकास जुड़ा हुआ है। प्राकृत लोक-जीवन की भाषा रही। प्राकृत की अनगिनत लोकोक्तियां और मुहावरे आज हिन्दी में प्रयुक्त होते हैं। हजारों लोक प्रचलित शब्द प्राकृत से सीधे ही या अपभ्रंश में होते हुए वर्तमान रूप में आए हैं। 
 
प्राकृत ने हिन्दी के लोक-साहित्य को समृद्ध किया है। प्राकृत की तरह हिन्दी में भी लोक-भाषा, लोक-संस्कृति और ग्रामीण व्यवस्था का गहरा पुट और वर्चस्व है। प्राकृत की तरह हिन्दी भी संतों और जनसाधारण की भाषा रही है। लोक-जीवन से जुड़ी होने के कारण प्राकृत की तरह हिन्दी के संबंधपरक शब्दों में आत्मीयता व सम्मान का पुट है।

 
आदिकालीन हिन्दी काव्य को विषयवस्तु की दृष्टि से तीन वर्गों में वर्गीकृत किया जा सकता है। ये वर्ग हैं- लोकाश्रित काव्य, धर्माश्रित काव्य और राज्याश्रित काव्य। तीनों ही वर्ग प्राकृत काव्य साहित्य से प्रेरित हैं। लोकाश्रित काव्य में ढोला मारू का दूहा, खुसरों की पहेलियां, प्राकृत पैंगलम् आदि कृतियां प्रमुख हैं। प्राकृत पैंगलम में पुरानी हिन्दी के आदिकालीन कवियों द्वारा प्रयुक्त वर्णिक तथा मात्रिक छंदों का विवेचन किया गया है। पुरानी हिन्दी के मुक्तक पद्यों की दृष्टि से इस ग्रंथ का अत्यधिक महत्व है। 
 
मध्ययुगीन हिन्दी छंदशास्त्रियों ने इस ग्रंथ की छंद परंपरा का पूरा अनुकरण किया है। इस प्रकार लोकाश्रित प्राकृत कृतियों में लोक हृदय की कोमल भावनाएं भक्ति, श्रृंगार, नीति, मनोरंजन, सामाजिक चेतना के महत्वपूर्ण वर्णन मिलते हैं। भावानुकूल भाषा शैली, वैविध्यपूर्ण छंद विधान, प्रभावशाली बिम्ब विधान, चमत्कारिक अलंकारिक प्रतीक योजना, अपूर्व कल्पना सौंदर्य आदि अनेक दृष्टियों से हिन्दी काव्य के विकास में प्राकृत काव्य का प्रभाव दृष्टिगोचर होता है। 
 
हिन्दी काव्य का आदिकाल प्रवृत्तियों और प्रस्तुतियों में अपनी पूर्व परंपराओं का समर्थ संवाहक और परवर्ती रचनाकारों का सफल निर्देशक है। श्रृंगार, भक्ति और शौर्य- भारतीय काव्य के सनातन संदर्भ हैं, जो प्राकृत-संस्कृत साहित्य से लेकर अब तक हिन्दी सहित समस्त भारतीय भाषाओं में प्रयुक्त हुए हैं। काव्य की भांति अनेक प्राकृत कथा ग्रंथों, चरित ग्रंथों और उपदेशपरक ग्रंथों की साहित्यिक प्रवृत्तियों का हिन्दी में अनुकरण किया गया है। 
 
प्राकृत भाषा का प्रयोग तीर्थंकर महावीर और महात्मा बुद्ध ने उनके उपदेशों में किया इसलिए यह भाषा, श्रद्धा की भाषा बन गई। श्रद्धा की भाषा होने से प्राकृत और पालि के ग्रंथों का हिन्दी में अनुवाद, अनुशीलन और विवेचन हुआ और होता है। अनुवाद और विवेचन के साथ ही प्राकृत भाषा की प्रवृत्तियां भी हिन्दी में सहज रूप से आई और आती हैं। 
 
विगत 1,500 वर्षों में हिन्दी साहित्य का जो सुविशाल प्रासाद निर्मित हुआ है, आदिकाल उसकी सुदृढ़ नींव है जिसमें प्राकृत भाषा के भी अनेक तत्व विद्यमान हैं। उसकी विषयवस्तु, भाव-व्यंजना, दर्शन एवं शिल्प-संरचना प्राकृत भाषा और साहित्य से प्रेरित और प्रभावित है। अपनी अनेक विशेषताओं के कारण वर्तमान में हिन्दी भारत ही नहीं, दुनिया की प्रमुख लोकप्रिय भाषाओं में शुमार है।
 
(निदेशक : अंतरराष्ट्रीय प्राकृत अध्ययन व शोध केंद्र)