शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. साहित्य
  3. पुस्तक-समीक्षा
  4. Book Of Anil Madhav Dave

अनिल माधव दवे की पुस्तक शिवाजी & सुराज, पढ़ें समीक्षा

अनिल माधव दवे की पुस्तक शिवाजी & सुराज, पढ़ें समीक्षा - Book Of Anil Madhav Dave
- वंदना दवे

शिवाजी को जानने का बेहतरीन अवसर इस पुस्तक के जरिए मुझे मिला। एक अद्भुत शख्सियत पर लिखी गई अद्भुत पुस्तक है यह। इसे पढ़ना मेरे लिए किसी एपिक को पढ़ने के समान रहा। गहन शोध के बाद लेखक ने बड़ी ही सादगी से इतने विराट व्यक्तित्व को लोगों के समक्ष प्रस्तुत किया है। पुस्तक को पांच भागों में विभक्त करते हुए दो सौ चौबीस पेजों में शिवाजी के सुराज को बताया गया। इस पुस्तक को पढ़ने के बाद लगा कि हमारे संविधान निर्माताओं को अन्य देशों से नियम कायदे बटोरने के बजाए यदि वे शिवाजी को सही तरीके से पढ़ व समझ लेते, तो उनके लिए संविधान बनाना आसान हो जाता। साथ ही हमारे देश की तासीर के अनुरूप संविधान बनाया जा सकता था। बहरहाल लेखक ने शिवाजी के सुशासन को गहन अध्ययन के बाद उनकी राज्य व्यवस्था के सभी कारकों को सम्मिलित किया है। इनमें वित्त, व्यापार व उद्योग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, सड़क व नौ परिवहन, श्रम व रोजगार, रक्षा, जनसंपर्क, वन एवं पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण, भाषा व संस्कृति, अल्पसंख्यक, भ्रष्टाचार तथा स्वप्रेरित राज्य रचना जैसी व्यवस्था का विस्तार से जि‍क्र किया गया। 
 
स्वप्रेरित राज्य रचना को छोड़ दिया जाए तो ऐसा लगता है कि यह सारे विभाग आज की राजकीय व्यवस्था के अंग है। शिवाजी ने शासन चलाने के लिए इन तमाम अंगों पर बराबरी से ध्यान दिया। मुझे ताज्जुब है कि सुराज या सुशासन के प्रणेता शिवाजी को हमारे देश के नेताओं या शासकों ने समझने की कोशिश ही नहीं की। शिवाजी को एक वर्ग विशेष का हितैषी मानकर उनके साथ ही नहीं बल्कि पूरे हिन्दुस्तान के साथ घोर अन्याय किया है। धर्मनिरपेक्षता के नाम पर इन नेताओं ने देश को अजीब से आवरण से ओढ़ा दिया।
 
शिवाजी की लड़ाई यद्यपि मुगल, कुतुब शाही और आदिल शाही से रही। लेकिन वे मुस्लिम विरोधी कभी भी नहीं रहे। शिवाजी की सेना में दौलत खान, नूर खान बेग, सिद्दी हिलाल और मुल्ला हैदर जैसे लोग सेना में शीर्ष पदों पर रहे। यह बात उनकी वैचारिक स्पष्टता को जाहिर करती है। साथ ही सही मायने में उन्हें धर्मनिरपेक्ष बनाती है।
 
शिवाजी के सुराज में छोटी-छोटी सी बातें सम्मिलित थीं, जैसे उस दौरान भी उन्होंने स्त्री सशक्तिकरण पर ध्यान दिया या भाषा और संस्कृति को लेकर कार्य किया। लेखक ने बताया है कि शिवाजी ने 1400 शब्दों का शब्दकोष तैयार करवाया। उनका मानना था कि भाषा अकेली नहीं आती। वह अपने साथ सोच और संस्कृति भी लाती है। स्वराज की स्थापना व संचालन में स्वभाषा न हो तो स्वराज कैसा। यह बात वाकई विचारणीय है कि अंग्रेजी की गुलामी ने आजादी के सत्तर बरस बाद भी हमें स्वराज का अनुभव नहीं होने दिया। इसके अलावा शिवाजी का महत्वपूर्ण कार्य यह था कि उन्होंने स्वप्रेरित राज्य की रचना की। सुराज के विचार को जन-जन का विचार बना दिया इस कारण शिवाजी के न रहने पर भी औरंगजेब जैसा कुटिल राजा भी सह्याद्रि की घाटियों में घूमता रहा लेकिन सुराज के साम्राज्य को भेद नहीं पाया।
 
राजनीति कोयले की खान न बने। एक स्वच्छ और पारदर्शी शासन क्या होता है, सही मायने में सुशासन क्या है आदि बातों को जानने के लिए यह पुस्तक देश के सभी नेताओं, अधिकारियों और जनता को अवश्य पढ़नी चाहिए। जैसा की शिवाजी और मराठा साहित्य के प्रसिद्ध लेखक व नाट्यकार बाबा साहब पुरंदरे ने कहा कि 'छत्रपति शिवाजी महाराज की शासन व्यवस्था एक सप्रयोग सिद्ध किया हुआ महाकल्प है। अनिल माधव दवे ने इस पुस्तक में हमें उसी से परिचित करवाया है। भारत की संसद और प्रत्येक विधान सभा के सदस्यों को इस पुस्तक का अध्ययन करना चाहिए।' पुस्तक की प्रस्तावना नरेंद्र मोदी ने लिखी है। प्रकाशन वर्ष 2012 है।
 
पुस्तक : शिवाजी & सुराज
लेखक : अनिल माधव दवे
प्रकाशक : प्रभात प्रकाशन 
मूल्य : 300 रूपए है
ये भी पढ़ें
गर्मी में लाभदायी कोल्ड आइस-टी...