• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. लोकसभा चुनाव 2014
  4. »
  5. आप फैक्टर
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , बुधवार, 2 अप्रैल 2014 (19:03 IST)

केजरीवाल के रोड शो में उमड़ी भारी भीड़

लोकसभा चुनाव 2014
FILE
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल के पूर्वी दिल्ली में रोड शो में बुधवार को भारी संख्या में लोग शामिल हुए। वह पूर्वी दिल्ली से अपने उम्मीदवार राजमोहन गांधी के पक्ष में प्रचार कर रहे थे।

भारी जनसमर्थन से उत्साहित केजरीवाल ने कांग्रेस और भाजपा पर जमकर निशाना साधा जो उन पर दिल्ली से भागने का आरोप लगा रहे हैं।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि वे कहते हैं कि मैं भाग गया। मैं पाकिस्तान नहीं भागा हूं। मैं यहीं हूं और आपकी (भाजपा एवं कांग्रेस) की छाती पर मूंग दलूंगा। भगवान राम के वनवास का उल्लेख करके अपने विरोधियों पर हमला करते हुए केजरीवाल ने कहा कि भगवान राम जनता के अपार समर्थन के बावजूद मां के आदेश पर वनवास के लिए चले गए थे। क्या भाजपा वाले उन्हें भगोड़ा कहेंगे।

केजरीवाल ने कहा, अगर भाजपा उस वक्त होती तो वह राजा हरिशचंद्र को भी भगोड़ा कहती। खुली जीप में राजमोहन गांधी के साथ सवार केजरीवाल ने सुबह करीब 10 बजे गीता कालोनी इलाके से अपने रोड शो की शुरुआत की। यहां से वे शास्त्री नगर के लिए रवाना हुए।

लोग अपने घरों से बाहर निकलर और खिड़कियों से केजरीवाल का अभिवादन किया। महिलाओं ने उनकी आरती भी उतारी तथा लोगों ने उन्हें माला पहनाया।

गांधीनगर इलाके में कुछ लोगों ने केजरीवाल को काले झंडे दिखाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने उन लोगों को माला भेंट की। (भाषा)