शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. बीजेपी अधिवेशन
  6. आधुनिक पहनावे का रंग चढ़ा भाजपा अधिवेशन पर
Written By भाषा
Last Modified: इंदौर , शुक्रवार, 19 फ़रवरी 2010 (14:31 IST)

आधुनिक पहनावे का रंग चढ़ा भाजपा अधिवेशन पर

BJP : dressing its way to change | आधुनिक पहनावे का रंग चढ़ा भाजपा अधिवेशन पर
अगर पहनावे को परिवर्तन का पैमाना माना जाए, तो भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में नए नेतृत्व ने बराबर यह जताने की कोशिश की कि यह सियासी दल अब बदल रहा है।

इंदौर में 17 फरवरी से शुरू हुए भाजपा के तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में जहाँ लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, एम वेंकैया नायडू और राजनाथ सिंह जैसे पूर्व भाजपा अध्यक्ष हमेशा की तरह धोती कुर्ता या कुर्ता पायजामा में नजर आए, वहीं भाजपा के नए मुखिया नितिन गडकरी पैंट शर्ट और सूट बूट में दिखाई दिए।

अधिवेशन के दौरान मालवी पगड़ी पार्टी के नेताओं के सर पर सजी दिखाई दी।

भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में 52 वर्षीय गडकरी पार्टी को परंपरागत मूल्यों और आधुनिक विचारों का मिलाजुला जामा पहनाने की कोशिश करते दिखाई दिए।

भाजपा ने अपने राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए शहर के बाहर 90 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक गाँव के कृत्रिम परिवेश वाली तंबुओं की नगरी बसाई थी।

इसके साथ ही पार्टी का जहाँ पर मुख्य सम्मेलन हो रहा था वहाँ की पृष्ठभूमि में भारत के एक ऐसे गाँव की तस्वीर पेश की गई थी जो माटी की सुगंध के साथ अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। इसमें एक महिला मोबाइल फोन पर बात करते दिखाई देती है तो एक झोपड़ी के उपर लगी डीटीएच की छतरी मनोरंजन के अत्याधुनिक साधन की झलक दिखाती है।

भाजपा के अधिवेशन के दौरान आयोजन स्थल के साथ साथ पूरा इंदौर भगवा झंडों, बैनरों और पोस्टरों से पटा हुआ दिखाई दिया। जगह जगह लगाए गए भाजपा के पोस्टरों में अटल बिहारी वाजपेयी और आडवाणी जैसे पार्टी के दिग्गज नजर आए तो नई पीढ़ी की नुमाइंदगी करने वाले वरुण गाँधी भाजपा के नए‘पोस्टर बॉय’बन कर उभरे।

अधिवेशन स्थल पर हेमामालिनी, शत्रुघ्न सिन्हा जैसे फिल्मी सितारों के साथ ही पार्टी कार्यकर्ता गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी का ऑटोग्राफ लेने के लिए भी उमड़ते दिखाई दिए। सियासत के इन सितारों ने कार्यकर्ताओं के साथ फोटो भी खिंचवाए।

अत्याधुनिक सुविधाओं वाली ग्रामीण पृष्ठभूमि की झलक दिखाने वाले तंबुओं की इस नगरी में देश के विभिन्न हिस्सों से भाजपा के करीब पाँच हजार प्रतिनिधि और कार्यकर्ता आए हैं। प्रशासन ने यहाँ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। (भाषा)