• Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. बीबीसी हिंदी
  3. बीबीसी समाचार
  4. china_growth_slows_in_first_quarter
Written By
Last Modified: बुधवार, 22 अप्रैल 2015 (13:36 IST)

चीनः वृद्धि दर छह साल में सबसे कम स्तर पर

चीनः वृद्धि दर छह साल में सबसे कम स्तर पर - china_growth_slows_in_first_quarter
- प्रतीक जाखड़ (बीबीसी मॉनिटरिंग)
 
चीन के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक देश की आर्थिक वृद्धि दर छह सालों में सबसे कम स्तर पर पहुंच गई है। इस साल की पहली तिमाही के दौरान चीन की अर्थव्यवस्था में सात फीसदी सालाना दर से वृद्धि हुई है। वर्ष 2009 की वैश्विक आर्थिक मंदी के बाद आर्थिक वृद्धि दर की यह सबसे धीमी रफ्तार है। हालांकि अब चीन की सरकार धीमी, लेकिन लंबे समय तक कायम रहने वाली वृद्धि पर ज़ोर देती नज़र आ रही है।
चीन के प्रधानमंत्री ने हाल ही में चीन की अर्थव्यवस्था में भरोसा जताते हुए कहा था कि इसमें सुधार की काफी गुंजाइश है लेकिन देश को बड़ी मुश्किलों के लिए तैयार रहना चाहिए। दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था चीन पर फैक्टरियों की ज्यादा क्षमता, बड़ी मात्रा में स्थानीय कर्ज और प्रॉपर्टी बाजार में आई मंदी का असर पड़ा है।
 
विश्लेषकों ने कहा कि ताजा औद्योगिक उत्पादन आंकड़ों को लेकर भी चिंता बनी है जो मार्च में कम होकर 5.9 फीसदी के स्तर पर पहुंच गया।
 
मीडिया की नजर : चीन की सरकारी मीडिया आम लोगों को धीमी रफ्तार वाली आर्थिक वृद्धि के लिए तैयार रहने की सलाह देती हुई नजर आ रही है। 'न्यू नॉमर्ल' विकास दर की बात सबसे पहले चीनी राष्ट्रपति ने पिछले साल मई में की थी। ये अब मीडिया में काफी प्रचलित हो गई है।
 
सरकार ने वर्ष 2015 के लिए 7 फीसदी वृद्धि का लक्ष्य तय किया है जो पिछले दो दशकों की दोहरे अंकों वाली आर्थिक वृद्धि के मुकाबले काफी कम है। चीनी मीडिया में उन नेताओं के बयानों को ज्यादा प्रमुखता दी गई है जो कम वृद्धि दर की वकालत कर रहे हैं।
 
चीनी मीडिया आर्थिक मंदी से जुड़ी खबरों को पेश करने में बेहद सतर्कता बरत रही है। मीडिया इस बार पर जोर देती दिख रही है कि धीमी विकास दर से घरेलू अर्थव्यवस्था में सुधार होगा। पहले के मुकाबले अब समाचार पत्र इस बात पर जोर दे रहे हैं कि वृद्धि के कम लक्ष्य से घरेलू अर्थव्यवस्था की स्थिति ठीक रहेगी।
 
चीन की अर्थव्यवस्था की मजबूती पर पश्चिमी देशों की मीडिया द्वारा जताए जा रहे संदेहों को भी चीन की सरकारी मीडिया तुरंत खारिज कर रही है।