1. सामयिक
  2. »
  3. बीबीसी हिंदी
  4. »
  5. बीबीसी समाचार
  6. गिरिजाप्रसाद कोइराला का निधन
Written By BBC Hindi

गिरिजाप्रसाद कोइराला का निधन

गिरिजाप्रसाद कोइराला
BBC
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री और सबसे अनुभवी नेताओं में से एक गिरिजाप्रसाद कोइराला का आज निधन हो गया। वे पिछले कुछ वर्षों से बीमार थे। आज सुबह उन्हें डायरिया की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

कोइराला के फेफड़ों में निमोनिया की शिकायत थी और उन्हें साँस लेने में भी दिक्कत हो रही थी। कुछ ही दिनों पहले उन्हें अस्पताल से घर लाया गया था। भारतीय समयानुसार 11.56 मिनट पर कोइराला ने अंतिम साँस ली। वे 85 वर्ष के थे।

1925 में जन्मे कोइराला चार बार नेपाल के प्रधानमंत्री रहे और नेपाल की राजनीति में उनका दखल बहुत महत्वपूर्ण माना जाता था। 1940 के दशक में यूनियन लीडर के तौर पर राजनीति में आए कोइराला कई बार जेल गए। उन्होंने हमेशा लोकतंत्र की हिमायत की।

लोकतंत्र का समर्थन करने के लिए उन्हें 1960 के दशक में आठ साल जेल में रहना पड़ा था। नेपाल के राजनीतिक दल नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष रहे कोइराला पहली बार 1991 में प्रधानमंत्री बने। इसके बाद वे 1998, 2000 और 2006 में प्रधानमंत्री बने। 2008 तक वे देश के प्रधानमंत्री रहे। 1991 में वे नेपाल के पहले लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री थे।