• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2013
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा
Last Modified: बरेली , गुरुवार, 21 नवंबर 2013 (19:36 IST)

'डरपोक' केंद्र सरकार के सामने हैं बड़ी चुनौतियां

''डरपोक'' केंद्र सरकार के सामने हैं बड़ी चुनौतियां -
FILE
बरेली। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने गुरुवार को केंद्र सरकार को बड़ी चुनौतियों के समक्ष ‘डरपोक’ नेतृत्व करार दिया और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि खुद कांग्रेस के ही लोग प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को कमजोर कर रहे हैं।

मुलायम ने यहां सपा की ‘देश बचाओ, देश बनाओ’ रैली में कहा कि देश के सामने बड़ी चुनौतियां हैं जिन्हें देश को चलाने वाले स्वीकार नहीं करते। हमारा नेतृत्व डरपोक है। प्रधानमंत्री को कमजोर किया जा रहा है।

दागी जनप्रतिनिधियों संबंधी केंद्रीय अध्यादेश को फाड़ने वाले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल की तरफ इशारा करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री को उनकी पार्टी के ही लोग कमजोर कर रहे हैं। उनकी पार्टी का व्यक्ति जो खुद प्रधानमंत्री बनना चाहता है, उसने अध्यादेश फाड़ दिया। उस स्थिति में प्रधानमंत्री को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए था।

यादव ने उत्तरप्रदेश में खाद्य सुरक्षा कानून लागू करने की मांग को लेकर जारी कांग्रेस के प्रदर्शन के बीच सूबे में इस कानून पर अमल नहीं होने का ठीकरा भी केंद्र के ही सिर फोड़ा।

उन्होंने कहा कि खाद्यान्न किस आधार पर बांटा जाए... यह सरकार क्यों नहीं तय करती। राशन कार्ड वर्ष 1997 के हैं और आज 2013 चल रहा है। खाद्यान्न किस आधार पर बंटे। नए राशनकार्ड क्यों नहीं बने। इसके लिए जिम्मेदार केंद्र सरकार है।

यादव ने मुस्लिम बहुल क्षेत्र बरेली में मुसलमानों को भी लुभाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि उन पर मुसलमानों की तरफदारी का आरोप लगता रहा है लेकिन सचाई यह है कि वे उनका पक्ष नहीं लेते बल्कि उनको इंसाफ दिलाते हैं। (भाषा)