मंगलवार, 29 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव-2012
  4. »
  5. उत्तरप्रदेश
Written By भाषा
Last Modified: मैनपुरी , शनिवार, 18 फ़रवरी 2012 (22:50 IST)

बेनी, खुर्शीद को सोनिया की शह-गडकरी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव
WD
FILE
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने शनिवार को कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी पर आरोप लगाया कि चुनाव आयोग को चुनौती भरी टिप्पणी कर रहे केन्द्रीय मंत्रियों बेनी प्रसाद वर्मा और सलमान खुर्शीद को सोनिया की शह मिली है और इस मुद्दे पर उनकी चुप्पी इसका प्रमाण है।

गडकरी ने यहां एक चुनावी जनसभा में कहा कि केन्द्र की कांग्रेसनीत सरकार के मंत्री सलमान खुर्शीद और बेनी प्रसाद वर्मा चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था को बार-बार चुनौती दे रहे हैं। इन दोनों मंत्रियों को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की शह मिली हुई है।

उन्होंने कहा कि इस गंभीर मुद्दे पर सोनिया की चुप्पी से साबित होता है कि दोनों बड़बोले मंत्रियों के सिर पर उनका हाथ है। गडकरी ने कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल में राजनीतिक परिपक्वता का अभाव है।

लखनऊ में हाल में एक चुनावी जनसभा में राहुल द्वारा विरोधी दलों के वादों का जिक्र करते हुए एक कागज फाड़े जाने का विरोध करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राहुल आज कागज फाड़ रहे हैं और कल अपने कपड़े फाड़ेंगे।

उन्होंने प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती पर प्रहार करते हुए कहा कि सपा के गुंडाराज से त्रस्त हुई जनता ने वर्ष 2007 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में बसपा को सत्ता सौंपी, लेकिन मायावती ने प्रदेश का और भी बुरा हाल कर दिया। (भाषा)