• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. वसीम रिजवी पर भड़के मुस्लिम संगठन, दर्ज कराई प्राथमिकी
Written By
Last Updated : मंगलवार, 16 मार्च 2021 (17:18 IST)

वसीम रिजवी पर भड़के मुस्लिम संगठन, दर्ज कराई प्राथमिकी

Wasim Rizvi | वसीम रिजवी पर भड़के मुस्लिम संगठन, दर्ज कराई प्राथमिकी
बरेली। कुरान से 26 आयतें हटाने के लिए उच्च्तम न्यायालय में याचिका दायर करने के मामले में उत्तरप्रदेश शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी के खिलाफ सोमवार को 2 संगठनों- (अंजुमन खुद्दामे ये रसूल तथा इत्तेहादे मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) ने पुलिस को अलग-अलग तहरीर देकर संयुक्त प्राथमिकी दर्ज कराई है। ये दोनों संगठन दरगाह आला हजरत से जुड़े हैं।
अंजुमन खुद्दामे रसूल के सचिव शान अहमद की ओर से रिजवी के खिलाफ कोतवाली में दी गई तहरीर में उनके बयान को इस्लाम और संविधान के खिलाफ बताया गया है। आईएमसी ने भी रिजवी के खिलाफ तहरीर दी है जिसके बाद पुलिस ने संयुक्त रूप से प्राथमिकी दर्ज की है। 
 
बरेली के पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह साजवान ने बताया कि रिजवी के खिलाफ कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है। इस बीच रजा एक्शन कमेटी की ओर से उलेमाओं ने चेतावनी दी है कि यदि रिजवी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो वे सड़कों पर उतरेंगे। कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अफरोज रजा कादरी ने कहा कि वसीम रिजवी के पीछे फिरकापरस्त ताकतें काम कर रही हैं जिन्हें बेनकाब करने का वक्त आ गया है।
इससे पहले उत्तरप्रदेश शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी द्वारा कुरान शरीफ से 26 आयतें हटवाने के इरादे से उच्चतम न्यायालय में अर्जी दाखिल किए जाने के विरोध में रविवार को राजधानी लखनऊ स्थित बड़े इमामबाड़े में व्यापक प्रदर्शन किया गया था।
 
शिया धर्मगुरु और ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के वरिष्ठ सदस्य मौलाना कल्बे जव्वाद की अगुवाई में बड़ी संख्या में लोगों ने शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी का विरोध करते हुए उनके खिलाफ दुनियाभर के मुसलमानों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की मांग की थी। (भाषा)
ये भी पढ़ें
क्‍या है नाइट कर्फ्यू... क्‍या फायदा, क्‍या है नुकसान?